दक्षिण चीन सागर में चीनी विस्तारवाद के खिलाफ वियतनाम ने दूसरे दक्षिणपूर्वी एशियाई देशों से कड़ा कदम उठाने का अनुरोध किया है। 10 सदस्यीय आसियान के विदेश मंत्रियों की सालाना बैठक से पहले वियतनाम ने चीन के खिलाफ सख्त तेवर दिखाए।
फिलीपींस की राजधानी में रविवार से चीन, अमेरिका, रूस और उत्तर कोरिया के शीर्ष राजनयिक आसियान और दूसरे एशिया-प्रशांत समकक्षों के साथ सुरक्षा बैठक करेंगे। यह वार्ता ऐसे समय हो रही है जब
इसी सप्ताहांत संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद में उत्तर कोरिया के खिलाफ प्रतिबंधों को कड़ा करने के अमेरिकी प्रस्ताव पर चर्चा होगी। इस बीच, अमेरिका ने कहा है कि मनीला बैठक में भी उत्तर कोरिया पर मिलकर दबाव बनाया जाए।
इस बैठक को आसियान क्षेत्रीय फोरम के नाम से जाना जाता है। पहले दिन की बैठक के बाद शनिवार को आसियान के विदेश मंत्रियों ने संयुक्त बयान जारी कर उत्तर कोरिया के हाल के दो अंतर-बैलेस्टिक मिसाइलों के परीक्षण पर गहरी चिंता जताई।
दूसरी तरफ, राजनयिकों ने बताया कि दक्षिण चीन सागर विवाद पर वियतनाम के रुख पर फिलीपींस और कंबोडिया सहमत नहीं दिखे। जबकि दक्षिण चीन सागर पर चीन का वियतनाम, फिलीपींस, मलयेशिया और ब्रुनेई से भी विवाद चल रहा है।