दक्षिण पूर्वी नाइजीरिया के एक शहर में बंदूकधारियों ने एक कैथोलिक चर्च पर हमला कर दिया। न्यूज एजेंसी एएफपी के मुताबिक इस हमले में 12 लोगों की मौत हो गई। जबकि कई के घायल होने की आशंका जताई जा रही है। घायलों को नजदीकी अस्पतालों में भर्ती कराया गया। इस बात की जानकारी वहां के अस्पताल सूत्रों ने दी।
#BREAKING Twelve killed in Nigeria church shooting: hospital sources
— AFP news agency (@AFP) August 6, 2017
स्थानीय लोगों का कहना है कि हमला शाम करीब छह बजे ओनित्शा शहर के पास ओजुबुलू स्थित सेंट फिलिप्स चर्च पर हुआ। नेवी स्थित ननामदी अजिक्वे यूनीवर्सिटी टीचिंग हास्पिटल के एक कर्मचारी ने कहा, ‘‘अभी तक 12 लोगों की मृत्यु होने की पुष्टि हो गई है जिन्हें शवगृह में रखा गया है। वहीं, कई का इलाज चल रहा है।’’ सूत्रों ने कहा कि कई श्रद्धालुओं को गोली लगी है जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है।
प्रत्यक्षदर्शियों ने कहा कि नकाबपोश बंदूकधारियों ने गिरजाघर पर हमला कर दिया और श्रद्धालुओं पर गोलीबारी शुरू कर दी। उन्होंने आशंका जतायी कि हो सकता है कि इसमें 20 व्यक्तियों की मौत हो गई हो। हालांकि, हमले की जांच की जा रही है।