तुर्की वायु सेना के विमानों ने खुद को इस्लामिक स्टेट कहने वाले संगठन के सीरिया स्थित ठिकाने पर हवाई हमले किए हैं। सेना के विमानों ने कुर्द लड़ाकों के उत्तरी इराक़ स्थित ठिकाने को भी निशाना बनाया है।
2013 के संघर्ष विराम के बाद ये पहली बार है जब तुर्की ने कुर्द चरमपंथियों पर हमला किया है। अपनी वेबसाइट पर जारी एक बयान में कुर्द संगठन पीकेके ने कहा है कि संघर्षविराम का कोई मतलब नहीं है। वहीं इस्लामिक स्टेट पर लगातार दूसरे दिन हवाई हमले हुए हैं।
बीते हफ़्ते तुर्की शहर सुरुच में हुए बम धमाके के बाद इस चरमपंथी संगठन पर हवाई हमले किए जा रहे हैं। उस धमाके में 32 लोग मारे गए थे। कुर्द लड़ाकों का संगठन पीकेके तुर्की में स्वायत्त कुर्दिस्तान की स्थापना के लिए कई दशक से लड़ रहा है।