नाइजीरिया के कडूना में 'टमाटर आपातकाल' घोषित कर दिया गया है। स्थानीय मीडिया में आ रही खबरों के मुताबिक कृषि आयुक्त डेनियल मैंजो मेगार ने कहा है कि टमैटो लीफ माइऩर या टूटा एबसोलूटा नाम के कीट ने टमाटर के 80 फीसद फसल को बर्बाद कर डाला है। उन्होंने बताया कि बीते महीने में 200 किसानों को 51 लाख डॉलर का नुकसान हुआ है।
मुल्क में टमाटर के एक बास्केट की कीमत पिछले तीन माह में 1।20 डॉलर से बढकर 40 डॉलर जा पहुंची है। बीबीसी के मुहम्मद कबीर बताते हैं कि नाइजीरिया में आपातकाल की घोषणा का मतलब होता है कि उस क्षेत्र में तेज कदम उठाए जा रहे हैं।
नाइजीरिया ने एक टीम को केन्या भेजा है ताकि वो कीट से निपटने के तरीकों की जानकारी ले सके। संयुक्त राष्ट्र के मुताबिक कडूना देश के उत्तरी हिस्से में हैं और वहां मुल्क में सबसे अधिक टमाटर उत्पादन होता है। टमाटर नाइजीरिया के लोगों के भोजन का अहम हिस्सा है। इसकी बढती कीमतों की वजह से टमाटर शब्द ने ट्वीटर पर खूब ट्रेंड किया।