कीनिया की राजधानी नैरोबी के वेस्टगेट शॉपिंग कॉम्प्लेक्स को इस्लामिक चरमपंथियों से मुक्त करवाने के लिए कीनियाई सुरक्षा बलों ने बड़ी कार्रवाई शुरू की है
कॉम्प्लेक्स से भारी गोलीबारी की आवाजें आ रही हैं और शॉपिंग कॉम्प्लेक्स की इमारत से धुआं निकलता दिखाई दे रहा है।
कॉम्प्लेक्स में इस्लामिक चरमपंथियों ने कई लोगों को बंधक बना रखा है। टीवी फुटेज में सैनिकों को मॉल की ओर भागते हुए दिखाया गया है।
इससे पहले कीनियाई सेना ने कहा था कि बंधकों की जान बचाने की हर संभव कोशिश करते हुए अब वह इस कब्जे को खत्म करने की कोशिश कर रहे हैं।
रेडक्रॉस के अनुसार शनिवार को हुए इस चरमपंथी हमले में अब तक 69 लोगों की मौत हो चुकी है और 63 लोग अब भी लापता हैं। 170 से ज्यादा घायल हैं।
"मजबूत और एकजुट"
रविवार रात को सेना ने कहा था कि सोमालिया के अल-शबाब संगठन ने संभवतः दस लोगों को अब भी इमारत के अंदर बंधक बना रखा है।
चरमपंथियों का कहना है कि यह हमला कीनिया के सोमालिया में सेना भेजने के विरोध में किया गया है।
नैरोबी से बीबीसी संवाददाता माइक वूल्ड्रिज के अनुसार ताजा गोलीबारी और विस्फोट सुरक्षा बलों के अभियान में नाटकीय परिवर्तन है।
बीबीसी संवाददाता कहते हैं कि अभी तक यह स्पष्ट नहीं हो सकता है कि विस्फोट किस वजह से हुआ और बंधकों को छुड़ाने के अभियान में इसका क्या असर पड़ा है।
वह कहते हैं कि इमारत के चारों ओर और भी सैनिक आ रहे हैं। इससे पहले कीनियाई अधिकारियों ने बीबीसी को बताया था कि शॉपिंग सेंटर में फंसे अधिकांश लोग बचा लिए गए हैं।
कर्नल साइरस ओगुना ने कहा था कि केवल कुछ लोग ही अभी चरमपंथियों के कब्जे में हैं। शॉपिंग सेंटर का बड़ा हिस्सा अब सुरक्षा बलों के कब्जे में है। सैनिक बिल्डिंग को खाली करा रहे हैं। ऐसे में और शवों के मिलने की आशंका है।
कीनिया के राष्ट्रपति उहरू कीनियाटा ने रविवार को एक संवाददाता सम्मेलन में कहा था कि विपरीत परिस्थितियों में भी देश मजबूत और एकजुट रहा।
उन्होंने राहत और बचाव कार्य में मदद करने वालों का धन्यवाद किया और अन्य देशों से अपील की कि वे कीनिया को लेकर यातायात चेतावनी न जारी करें।
राष्ट्रपति ने बताया कि मरने वालों में उनके भतीजे और उनकी मंगेतर भी शामिल है।
"रक्तदान"
इस बीच ब्रिटेन के विदेश मंत्रालय ने पुष्टि की है कि हमले में तीन ब्रितानी मारे गए हैं। विभाग का कहना है कि मृतकों की संख्या बढ़ सकती है।
ब्रितानी प्रधानमंत्री डेविड कैमरन ने इसे भयावह क्रूरता वाला घृणित और कुत्सित हमला बताया है।
अमरीकी राष्ट्रपति बराक ओबामा ने रविवार को राष्ट्रपति कीनियाटा को फ़ोन कर हमले के प्रति शोक जताया और साजिशकर्ताओं को न्याय के कठघरे में लाने के लिए सहयोग देने की पेशकश की।
अमरीकी अधिकारियों का कहना है कि एक अंतरराष्ट्रीय एजेंसी के लिए काम करने वाले एक अमरीकी नागरिक की पत्नी हमले में मारी गई हैं।
हमले में घाना के प्रसिद्ध कवि कोफ़ी आवानर भी मारे गए हैं, जो नैरोबी में साहित्य महोत्सव में भाग ले रहे थे।
इसके अलावा हमले में भारतीय, फ्रांसीसी, डच, दक्षिण अफ़्रीकी और कनाडाई नागरिक मारे गए हैं। हज़ारों कीनियाई रक्तदान के लिए आगे आए हैं।
अल शबाब का कहना है कि उसने सोमालिया में जारी कीनियाई सेना के अभियान के विरोध में यह हमला किया है। अल क़ायदा से जुड़े इस समूह ने कहा है कि अगर कीनिया ने सोमालिया से अपनी सेना न हटाई, तो वह और हमले करेगा।
सोमालिया के दक्षिण में 2011 से क़रीब चार हज़ार कीनियाई सैनिक चरमपंथियों से लड़ रहे हैं।
यह हमला शनिवार को स्थानीय समयानुसार क़रीब 12 बजे शुरू हुआ था, जब 10-15 चरमपंथी वेस्टेगट शॉपिंग सेंटर में घुसे थे। उन्होंने वहां हथगोले फेंके थे और स्वचालित हथियारों से गोलियां चलाई थीं।
घटना के वक़्त शॉपिंग सेंटर में चिल्ड्रेन डे मनाया जा रहा था।