जहां एक तरफ़ अफ़ग़ानिस्तान का चुनाव आयोग शनिवार को हुए मतदान की गिनती की तैयारी में लगा हुआ है, मुल्क के पश्चिमी इलाक़े में तालिबान विद्रोहियों ने वोट देने की सज़ा के तौर पर ग्यारह नागरिकों की उंगलियां काट दी हैं।
हेरात क्षेत्रिय अस्पताल के एक प्रवक्ता रफ़ीक़ शिराज़ी ने बताया कि विद्रोहियों ने वोटरों की उन अंगलियों को काटकर ले गए जिनमें मतदान के बाद रोशनाई के निशान लगाए गए थे।
रफ़ीक़ शिराज़ी ने कहा, "रूबात संगी ज़िले के अक़ाबी गांव में हथियारबंद लोगों ने हमारे ग्यारह नागरिकों को भोर के समय अग़वा कर लिया। उन लोगों की उंगलियों को पहले तो दवाई देकर सु्न्न कर दिया गया और बाद में एक धारदार छूरी से उन्हें काट दिया गया। उन्होंने हाथों की वो उंगली काटी जिसमें वोट देने के बाद की स्याही का निशान लगा था।"