अफगानिस्तान की राजधानी काबुल के पश्चिम जिले कारते सह में एक विदेशी गैर सरकारी संस्था की इमारत पर हमले में कम से कम दो लोग मारे गए हैं। मृतक विदेशी नागरिक हैं। आशंका जताई जा रही है कि हमलावरों ने कई लोगों को बंधक भी बना रखा है।
कारते सह में अफगान संसद और कई मंत्रालयों के कार्यालय हैं। अधिकारियों का कहना है कि कम से कम दो हमलावर अभी भी इमारत में मौजूद हैं।
अफगानिस्तान के सैन्य कोर ट्रिपल वन के प्रमुख कदम शाह शहीम ने कहा है कि कम से कम दो आत्मघाती हमलावर शनिवार की शाम इमारत के परिसर में प्रवेश करने में सफल हो गए। चरमपंथी संगठन तालिबान ने इस हमले की जिम्मेदारी ली है।
तालिबान के प्रवक्ता का कहना है कि उन्होंने ईसाई संगठन के कार्यालय को निशाना बनाया है जो मुसलमानों को ईसाई बना रहे है।
जैसे- जैसे नेटो सेनाओं के अफगानिस्तान से रवाना होने की अंतिम तारीख करीब आती जा रही है, तालिबान के हमलों में तेजी आई है और पिछले तीन दिनों में काबुल में यह दूसरा बड़ा हमला है। चरमपंथी उन इलाकों को निशाना बना रहे हैं जहां विदेशी नागरिकों की संख्या ज्यादा है।