तालिबानी आतंकवादियों ने एक बार फिर दिल दहला देने वाली घटना को अंजाम दिया है। तालिबान के आतंकवादियों ने पश्चिमी हेरात प्रोविंस में अफगानी सेना के 11 जवानों की हत्या कर दी है।
अधिकारियों के मुताबिक रविवार शाम को तालिबानी आतंकवादियों ने जवानों के सवार एक पिकअप ट्रक पर हमला कर दिया। इस हादसे के बाद तालिबानी आतंकवादियों ने जवानों के हथियार भी चुरा लिए।
तालिबानी आतंकवादियों ने पिछले कुछ समय से लगातार अफगानी सेना के खिलाफ हमले बढ़ा दिए हैं। इसमें कई अफगानी सैनिकों को अपनी जान खोनी पड़ी है। अभी हाल में ही तालिबानी आतंकियों ने अफगानिस्तान की संसद पर भी हमला कर दिया था।
अफगानिस्तान में लगातार आतंकी हमले बढ़ने की एक वजह यह भी है कि नाटो सेनाओं ने पिछले साल दिसंबर में अपने 13 साल से चल रहे ऑपरेशन को बंद कर दिया है। इसके बावजूद नाटो का एक छोटा दस्ता अभी भी अफगानिस्तान में वहां की सेना को प्रशिक्षण देने के लिए अभी रूका हुआ है।
हेरात प्रोविंस के गर्वनर के प्रवक्ता ने बताया कि एक अधिकारी समेत 11 जवानों की हत्या तालिबानी आतंकवादियों ने कर दी है।