अफगान सुरक्षा बलों ने बगलान प्रांत के दंड-ए-घोरी इलाके में कई गांवों से तालिबान आतंकवादियों को खदेड़ते हुए 16 को मार गिराया। मुठभेड़ में 19 आतंकी बुरी तरह घायल हो गए हैं। पुलिस प्रमुख एकरामुदीन सरी ने बताया, सुरक्षा बलों ने पिछले चार दिनों में तालिबानी विद्रोहियों के मुख्य अड्डे समेत कई गांवों पर फिर से कब्जा कर लिया है।
दंड-ए-घोरी पर तालिबान ने दो साल पहले कब्जा जमाया जमाया था। तभी से इसे उत्तरी बगलान प्रांत में तालिबान के सबसे मजबूत गढ़ों के रूप में जाना जाता था। सरी ने कहा कि दंड-ए-घोरी में तालिबान के खिलाफ जारी ऑपरेशन तब तक चलेगा, जब तक इलाके से विद्रोहियों का सफाया नहीं हो जाता। तालिबान ने अभी तक इस पर कोई टिप्पणी नहीं की है।