ऐसी ख़बरें हैं कि पेरिस के नज़दीक डिज़नीलैंड रिज़ोर्ट में सउदी अरब के एक राजकुमार ने लगभग दो करोड़ डॉलर खर्च किए।
कहा जा रहा है कि स्नातक की डिग्री हासिल करने का जश्न मनाने में राजकुमार फहद अल-सउद ने 22 से 24 मई के बीच डिज़नीलैंड के कई हिस्से बुक कराए।
इस थीम पार्क की संचालक कंपनी यूरो डिज़नी ने पुष्टि की है कि अपने कई मेहमानों के साथ राजकुमार ने वहां तीन दिन बिताए। कंपनी का ये भी कहना था कि वो विभिन्न लोगों और कंपनियों के लिए नियमित रूप से निजी कार्यक्रमों का आयोजन करती है।
यूरो डिज़नी ने समाचार एजेंसी एएफपी न्यूज़ को बताया कि सउदी राजकुमार के जश्न में कई कार्यक्रम ख़ास उनकी पसंद के मुताबिक थे।
कंपनी का ये भी कहना था कि फहद अल-सउद डिज़नी पार्क के बड़े कस्टमरों में से एक हैं और उनके जश्न के लिए सुरक्षा के ख़ास इंतज़ाम किए गए थे।
नुकसान
पेरिस के डिज़नीलैंड में पिछले साल एक करोड़ साठ लाख पर्यटक आए लेकिन कंपनी का कहना है कि 1992 में स्थापना के बाद से अब तक उन्हें कोई मुनाफ़ा नहीं हुआ है।
पिछले वित्तीय वर्ष के पहले छह महीनों में यूरो डिज़नी को 121 मिलियन यूरो का नुक़सान हुआ जबकि 2011 में उसी दौरान कंपनी को 99।5 मिलियन यूरो का नुकसान हुआ था।