से दहल गया है। रिक्टर स्केल पर इस भूकंप की तीव्रता 7.2 मापी गई है।
यूएस जियोलॉजिकल सर्वे के मुताबिक भूकंप का केंद्र वहाका राज्य के पिनोतेपा डि डॉन लुई प्रांत के पास सतह से 24.6 किलोमीटर नीचे था।
वहाका में कुछ इमारतों को नुकसान पहुंचा है मगर किसी की मौत की खबर नहीं है।
दक्षिण-पश्चिम मेक्सिको में आए इस जोरदार भूकंप के झटके 350 किलोमीटर दूर राजधानी मेक्सिको सिटी तक महसूस किए गए।
मेक्सिको सिटी में घबराए लोग
शुक्रवार को आए झटके के बाद राजधानी मेक्सिको सिटी में हज़ारों लोग इमारतों से बाहर आ गए।
राजधानी की सड़कों पर कुछ लोग रोते हुए तो कुछ एक दूसरे को हिम्मत देते नजर आ रहे थे। कुछ देर के लिए ट्रैफिक भी थम गया।
पिछले साल सितंबर में मेक्सिको में भीषण भूकंप में सैकड़ों लोगों की मौत हो गई थी।
मेक्सिको सिटी में रहने वाले लुई रॉड्रिग्ज ने कहा, "19 सितंबर के बाद से ज्यादा डर नहीं लगता। " मगर एक अन्य महिला ने कहा, "यह सोचना भी बेहद डरावना है कि आपका घर कभी भी आपके ऊपर गिर सकता है। "
सुनामी का खतरा नहीं
ताजा झटके के बाद पिछले साल सितंबर में आए भूकंप में तबाह हुई इमारतों से धूल के गुब्बार उठते नजर आए।
भूकंप आते ही प्रशासन ने मेक्सिको सिटी समेत पांच राज्यों में चेतावनी देने वाले सिस्टम सक्रिय कर दिए। लोगों को इमारतों से दूर रहने के लिए कहा गया है।
पैसिफिक सुनामी वॉर्निंग सेंटर का कहना है कि सुनामी आने का खतरा नहीं है।
मेक्सिको भूकंप के लिहाज से दुनिया के सबसे अस्थिर हिस्से में स्थित है।
यह उत्तर अमरीकी, कोको और पैसिफिक प्लेटों पर स्थित है जो पृथ्वी की सबसे बड़ी टेक्टॉनिक प्लेटें हैं।