ये तस्वीर ऐतिहासिक है। शायद इससे पूर्व कभी न देखी गई हो। संसद की कार्यवाही में हिस्सा लेने पहुंची ऑस्ट्रेलियाई सांसद लरिस्सा वॉटरस अपनी नवजात बच्ची को स्तनपान करा रही हैं। वह मां बनने के महज दस हफ्ते बाद ही काम पर लौट आईं।
लरिस्सा ने अपने ट्विटर अकाउंट पर यह फोटो शेयर की और लिखा - आज बेहद गौरवान्वित महसूस कर रही हूं। इसके थोड़ी देर बाद ही वह दुनिया भर में चर्चा में आ गईं। मीडिया से लेकर सोशल मीडिया तक उनके फैसले की मिसाल दे रहा है।
लरिस्सा ने अपनी तस्वीर के जरिये उन महिलाओं को संदेश देने की कोशिश की है, जो मां बनने के बाद बच्चों की परवरिश के लिए नौकरी छोड़ देती हैं। वैसे बीते साल ही ऑस्ट्रेलियाई संसद ने अपने नियमों में बदलाव कर महिला सांसदों और कर्मचारियों को छूट दी थी कि वह अपने बच्चों को लेकर संसद आ सकती हैं।