रूस की एक जेल के सुरक्षाकर्मी उस समय हैरत में पड़ गए जब उन्होंने एक बिल्ली को जेल के अंदर प्रतिबंधित सामान ले जाने का प्रयास करते हुए पकड़ा।
रूस के उत्तरी राज्य कोमी की जेल सेवा ने अपनी वेबसाइट पर कहा है कि बिल्ली को राजधानी सिकटिफ़कार की जेल कॉलोनी नंबर-एक में 31 मई को हिरासत में लिया गया।
रूस की निजी क्षेत्र की समाचार एजेंसी इंटरफ़ैक्स के मुताबिक़ जेल के सुरक्षाकर्मी जब गश्त लगा रहे थे तो उन्होंने देखा कि एक बिल्ली जेल की बाड़ को लांघने का प्रयास कर रही है।
यह देखकर सुरक्षाकर्मियों ने उस बिल्ली को पकड़ लिया।
सुरक्षाकर्मियों ने पाया कि काले और सफ़ेद रंग की इस बिल्ली की पीठ पर टेप के ज़रिए दो मोबाइल फो़न, उनकी बैटरी और चार्जर बंधे हुए हैं।
इतिहास में पहली बार
कोमी राज्य की जेल सेवा ने अपनी वेबसाइट पर इस बिल्ली की तस्वीर भी जारी की है।
इस तस्वीर में एक सुरक्षा गार्ड ने बिल्ली को गर्दन से पकड़ा हुआ है और बिल्ली की पीठ पर सामान बंधा हुआ है।
जेल के एक बयान में कहा गया है कि प्रतिबंधित वस्तुओं को जेल के अंदर ले जाने के कई प्रयास इसके पहले भी विफल किए जा चुके हैं।
लेकिन बिल्ली के इस मामले में वे समझ नहीं पा रहे हैं कि क्या करें।
जेल के इतिहास में ऐसा पहले कभी नहीं हुआ।
जेल निदेशालय ने एक बयान में बताया कि पिछली बार वे क़ैदियों की कल्पनाशीलता देखकर दंग रह गए थे, जब एक इसी तरह के प्रयास में वर्जिन मैरी की एक प्रतिमा में छिपाकर ले जाए जा रहे मोबाइल फ़ोन, सिम कार्ड और मेमोरी कार्ड को पकड़ा गया था।