प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अपने पांच दिन के दौरे पर स्वीडन, ब्रिटेन और जर्मनी के दौरे पर हैं।
पीएम मोदी ने मंगलवार देर रात
स्वीडन की स्टॉकहोम विश्वविद्यालय पहुंचे। जहां उन्होंने भारतीय लोगों को संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि गरीबी हटाने की पहले जो सिर्फ बातें और नारे होते थे, अब उस कल्चर को भी हम पीछे छोड़ आए हैं। उन्होंने कहा कि हमने देश के गरीब का जीवन ऊपर उठाने के लिए सशक्तिकरण को हथियार बनाया गया है।
उन्होंने कहा कि सरकार के काम करने के तरीकों की जो तस्वीर पहले आपके दिमाग में थी, वो अब बदल चुकी है। अब सरकारी दफ्तरों में फाइल रोककर रखने का कल्चर नहीं है, बल्कि जो काम सालों से अटका पड़ा है, उसे पूरा करने पर जोर है। पीएम मोदी ने कहा कि भाषा अलग हो सकती है, स्थितियां-परिस्थितियां अलग हो सकती हैं, लेकिन एक बात है जो हम सभी को एक सूत्र में पिरोती है और वो बात है भारतीय होने का गर्व।
उन्होंने कहा कि आज भारत में एक ऐसी सरकार है जो भारत के सम्मान और स्वाभिमान के लिए दिन रात एक कर रही है, पिछले 4 वर्षों में हमनें विकसित और समावेशी न्यू इंडिया बनाने के लिए कोई कसर नहीं छोड़ी है। इस दौरान उन्होंने कहा कि स्वीडन में बसने वाले भारतीयों के लिए स्वीडन के प्रधानमंत्री के मन में जो स्नेह है, और भारत के प्रति उनके प्यार और जुनून के लिए मैं उनका कोटि-कोटि अभिनन्दन करता हूं।
उन्होंने कहा कि मैं स्वीडन के प्रधानमंत्री लवैन का हृदय से आभार व्यक्त करता हूं। बता दें कि पीएम यहां के बाद लंदन रवाना होंगे जहां वह बुधवार को रात 9 बजे सेंट्रल हॉल वेस्टमिंस्टर, लंदन से 'भारत की बात सबके साथ' कार्यक्रम के माध्यम से दुनियाभर के लोगों से संवाद करेंगे।