फिलीपींस की राजधानी मनीला में शनिवार को एक विमान दुर्घटनाग्रस्त हो गया, जिसमें 10 व्यक्तियों की मौत हो गई। विमान आवासीय इलाके में एक घर पर जा गिरा।
फिलीपींस नगर विमानन प्राधिकरण के प्रवक्ता एरिक अपोलोनियो ने कहा कि लाइट एयर एक्सप्रेस द्वारा संचालित दो इंजन वाले ‘दि पाइपर 23 अपाचे’ विमान पास के हवाईअड्डे से उड़ान भरने के कुछ ही देर बाद दुर्घटनाग्रस्त हो गया।
इस छोटे विमान पर दो पायलट समेत पांच लोग सवार थे। इसने उत्तर पश्चिम दिशा में स्थित लुजोन के लाओग के लिए उड़ान भरी थी। फिलीपींस सीएनएन और रेडियो डीजेडएमएम के मुताबिक इस हादसे में विमान पर सवार सभी पांच व्यक्तियों समेत 10 लोगों के मारे जाने की खबर है।
मृतकों में घर में मौजूदा एक ही परिवार के पांच व्यक्ति भी शामिल हैं, जिनमें 3 बच्चे, उनकी मां और उनकी दादी भी हैं। अपोलोनियो ने कहा कि लाइट एयर एक्सप्रेस द्वारा संचालित सभी विमानों की जांच की जा रही है।
फिलीपींस पुलिस के मुख्य प्रवक्ता और मुख्य अधीक्षक जॉन बुलाकाओ ने कहा कि जांच में पता चला कि विमान ने प्लेयरिड हवाईअड्डे के रनवे से उड़ान भरी लेकिन दुर्भाग्य से वह आवासीय इलाके में दुर्घटनाग्रस्त हो गया।