फिलीपींस की घरेलू सहायिका की हत्या के बाद राष्ट्रपति रोड्रिगो डुटर्टे ने अपने देश के मजदूरों की कुवैत की यात्रा पर स्थाई तौर पर प्रतिबंध लगाने का फैसला लिया है। इस खाड़ी देश में मजदूर भेजने पर डुटर्टे ने फरवरी में अस्थाई प्रतिबंध लगाया था।
फिलीपींस के डवाओ में रविवार को डुटर्टे ने कहा, "प्रतिबंध स्थाई तौर पर होगा और लोगों को वहां रोजगार के लिए नहीं भेजा जाएगा, खासतौर से घरेलू सहायकों को तो बिलकुल नहीं भेजा जाएगा।"
कुवैत में मौजूद फिलीपींस के लोगों के रोजगार को डुटर्टे ने प्रलयंकारी बताया है। उन्होंने अपने देश के नागरिकों से अपील की है कि वह तेल से संपन्न देश में न रहें।
फिलीपींस के फैसले पर कुवैत ने तत्काल कोई प्रतिक्रिया नहीं दी है। फिलीपींस के विदेश विभाग के मुताबिक कुवैत में अभी फिलीपींस के लगभग 2 लाख 60 हजार नागरिक काम कर रहे हैं।
डुटर्टे ने कहा, "हमारी गरीबी की परवाह किए बिना घर आइये। हम साथ रहेंगे। हमारी अर्थव्यवस्था अच्छी है और हमारे पास मजदूरों की कमी है।" डुटर्टे ने वादा किया है कि जब वह लोग वापस आ जाएंगे तो वह उन्हें सहायता मुहैया कराएंगे।
हालांकि, फिलीपींस और कुवैत अभी रोजगार के मसले पर समझौते के लिए बातचीत कर रहे हैं। फिलीपींस के अधिकारियों को उम्मीद है कि इससे स्थाई प्रतिबंध को हटा लिया जाएगा लेकिन दोनों पक्षों के बीच बढ़ते तनाव को देखते हुए इसके आसार कम नजर आ रहे हैं।