राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीबी सहयोगी ने करोड़ों डॉलर बनाए
- फोटो : Getty
हवाला से जुड़े एक संदिग्ध अंतरराष्ट्रीय गिरोह को लेकर सार्वजनिक हुए गोपनीय दस्तावेजों से पता चला है कि रूसी राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन के एक करीबी सहयोगी ने करोड़ों डॉलर बनाए हैं। अरबों डॉलर की ये हेराफेरी बैंक रोसिया के ज़रिया किया गया। यूक्रेन के हिस्से क्रामिया को रूस में मिलाए जाने के बाद अमरीका और यूरोपीय संघ ने इस बैंक पर प्रतिबंध लगा दिया था। बीबीसी के पैनोरमा कार्यक्रम ने ऐसे सबूत देखते हैं जो बताते हैं कि ये बैंक कैसे काम करता है। दस्तावेज दिखाते हैं कि कैसे विदेश में मौजूद कंपनियों के ज़रिए पैसा बाहर भेजा जाता है। इसके मुताबिक़ सॉनेट ओवरसीज़, इंटरनैशनल मीडिया ओवरसीज, सनबार्न और संडलवुड कॉन्टिनेंटल कंपनियों को नक़ली शेयरों के लेन-देन, फर्जी परामर्श सौदे, ग़ैर कारोबारी कर्ज़ और कम क़ीमत वाली संपत्तियों की ख़रीद से फायदा हुआ है। दस्तावेज़ों के मुताबिक़ इंटरनैशनल मीडिया ओवरसीज और सॉनेट ओवरसीज़ का आधिकारिक रूप से मालिकाना हक रूसी राष्ट्रपति के एक क़रीबी दोस्त के पास था। उनका नाम सर्गेई रोल्डूगिन है जो किशोरावस्था से ही पुतिन के मित्र हैं और राष्ट्रपति की बेटी मारिया के गॉडफादर भी हैं।
दस्तावेज़ों के मुताबिक़ रोल्डूगिन ने निजी तौर पर एक संदिग्ध क़रारों के ज़रिए करोड़ों डॉलर की कमाई की। लेकिन रोल्डूगिन की कंपनी के दस्तावेजों में कहा गया है, "कंपनी के मुख्य मालिक की पहचान और गोपनीयता की सुरक्षा करने के लिए सैद्धांतिक रूप से कंपनी का गठन किया गया है।" रोल्डूगिन मे पहले संवाददाताओं से कहा था कि वह कारोबारी नहीं है। विदेश के जटिल सौदों में उनकी भागीदारी से संदेह बढ़ेगा कि वह किसी और के लिए काम कर रहे थे। मिसाल के तौर पर दस्तावेज़ दर्शाते हैं कि संडलवुड कॉन्टिनेंटल ने महज एक डॉलर (आज की मौजूदा दर 66.25 रुपये) में संपत्ति ख़रीदी और बाद में उसे 13.3 करोड़ डॉलर में बेच दिया।
रूस के एक सरकारी बैंक ने संडलवुड को 80 करोड़ डॉलर का कर्ज़ भी दिया। इस बात का कोई सबूत नहीं है कि संडलवुड ने कर्ज़ या उसके चुकाने के लिए सिक्योरिटी के तौर पर कुछ पेशकश की हो। सेंटर फॉर फ़ाइनैंशियल क्राइम और सिक्योरिटी स्टडीज के टॉम किटिंग कहते हैं कि कागजों पर इस तरह का लेन-देन काले धन को वैध बनाने की कोशिश का एक सबूत है। इन लीक हुए दस्तावेज़ों के मुताबिक़ रोल्डूगिन की एक कंपनी इंटरनैशनल मीडिया ओवरसीज़ ने 2007 में 60 लाख डॉलर का कर्ज़ लिया था। तीन महीने बाद इस कर्ज़ को महज एक डॉलर लेकर ही ख़त्म कर दिया गया।
2011 के एक अन्य संदिग्ध सौदे में इंटरनैशनल मीडिया ने 20 करोड़ डॉलर के एक कर्ज़ के सभी अधिकार (ब्याज़ और पुनर्भुगतान) ख़रीद लिए। इंटरनैशनल मीडिया ओवरसीज़ ने महज़ एक डॉलर का भुगतान किया जबकि रोल्डूगिन की कंपनी पर ब्याज़ ही 80 लाख डॉलर था। इंटरनैशनल मीडिया ओवरसीज़ ने जब तीन बैंक खाते खोले तब यह रूसी राष्ट्रपति के साथ रोल्डूगिन के संबंधों को स्पष्ट करने में नाक़ाम रही। हरेक बैंक खाते के आवेदन फॉर्म में यह पूछा गया था कि क्या रोल्डूगिन का किसी तथाकथित राजनीतिक हस्ती से कोई संबंध है। रोल्डूगिन ने अपने फॉर्म में कहा कि ऐसा नहीं है जबकि यह सच नहीं था। इंटरनैशनल मीडिया ओवरसीज दर्जनों संदिग्ध शेयर लेन-देन में शामिल रही। रोल्डूगिन की कंपनी ने हमेशा मुनाफा बनाया और दस्तावेज दर्शाते हैं कि शेयर सौदे से पहले ही कैसे मुनाफा बनाया गया।
इसके अलावा रोल्डूगिन की दूसरी कंपनी सॉनेट ओवरसीज़ ने भी गोपनीय तरीके से रूस की लॉरी बनाने वाली कंपनी कमाज़ में दिलचस्पी दिखाई। गोपनीय दस्तावेज़ों के मुताबिक़ संडलवुड की कुछ पूंजी एक कंपनी को बतौर कर्ज़ दी गई जिसका एक स्की रिज़ॉर्ट है और यह रूसी राष्ट्रपति की वजह से भी लोकप्रिय है। पुतिन ने 2006 में इगोरा रिज़ॉर्ट का उद्घाटन किया और 2011 और 2012 में स्कीइंग करने भी गए। उनकी बेटी केटरीना की शादी भी इगोरा में 2013 में हुई। जिस कंपनी को पैसे मिले उसके कुछ हिस्से का स्वामित्व बैंक रोसिया के मालिक यूरी कोवालचुक के पास भी है जिन्होंने अमरीका द्वारा पुतिन को प्रतिबंध सूची में शामिल किए जाने पर उनके लिए कैशियर की भूमिका निभाई थी। अमरीकी सरकार बैंक रसिया को रूसी सरकार के वरिष्ठ अधिकारियों का निजी बैंक कहती है। रोल्डूगिन की चौथी विदेशी कंपनी सनबार्न को भी कई संदिग्ध सौदे की वजह से मुनाफा मिला था।