पाकिस्तान ने चीन के लिए अपने वीजा नियमों को सख्त करने का फैसला लिया है। ये फैसला हाल ही में पाकिस्तान में शक के आधार पर हुई दो चीनी नागरिकों की मौत को लेकर किया गया है। पाक के आंतरिक मामलों के मंत्री चौधरी निसार अली खान की मौजूदगी में इस्लामाबाद में एक उच्च स्तरीय बैठक में ये निर्णय लिया गया।
पाक ने चीन के लिए अपने वीजा नियमों को और सख्त करते हुए कुछ जरुरी शर्तों को जारी करने के लिए अपने नियमों की समीक्षा की है जिससे वीजा प्रकिया में निष्पक्षता लाई जाएगी ताकि किसी भी तरह से दोनों देशों के लोगों को आवागमन में कोई परेशानी न हो और चीनी नागरिक इसका गलत इस्तेमाल न कर सके।
रिपोर्ट के मुताबिक, पाक इस प्रक्रिया के लिए बीजिंग को दस्तावेजों की सख्त जांच सुनिश्चित करने को कहेगा जिससे पाक में भारी संख्या में आने वाले चीनी नागरिक वीजा नियमों का उल्लंघन न कर सके। वहीं, अब केवल चीनी नागरिकों के लिए बिजनेस वीजा और आगमन वीजा पर निमंत्रण और असाइनमेंट पत्र के आधार पर ही प्रदान किया जाएगा जो विधिवत प्रमाणित और देश के मान्यता प्राप्त चैंबर ऑफ कॉमर्स एंड इंडस्ट्री द्वारा अनुमोदित होगा।
बैठक में ये भी फैसला लिया गया कि वर्किंग वीजा में विस्तार केवल आंतरिक मंत्री ही स्वीकृति प्रदान करेंगें, लेकिन उसके लिए कर्मचारी को जरूरी दस्तावेजों और प्रार्थना पत्र को देना होगा। वहीं, बैठक में 'पाकिस्तान मूल कार्ड' का भी पुन: निरीक्षण किया गया जिसमें पाक नागरिक के किसी विदेशी लड़की से शादी करके पाकिस्तान लाने की प्रकिया शमिल होती है।
गौरतलब है कि 24 मई को क्वेटा के जिन्ना टाउन से दो चीनी नागरिकों के अपहरण के बाद उन्हें पहाड़ी जिले मस्तुंग में छिपाये जाने की सूचना थी। इसके बाद आतंकी संगठन आईएसआईएस ने पाकिस्तान के अशांत बलूचिस्तान प्रांत के क्वेटा शहर से अगवा किए गए दो चीनी नागिरकों की हत्या कर दी।