हवाई जहाज से न्यूड कूदना कई लोगों के लिए आसान नहीं होगा, लेकिन ऑस्ट्रेलिया के संगीतकार ग्लेन डोनेली के लिए ऐसा करना एक ख़ास जीत थी। ग्लेन ने अपने 30वें जन्मदिन पर खुद को एक चुनौती दी। वो बिना कपड़ों के स्काइडाइव करना चाहते थे और इस दौरान वायलिन पर कुछ धुन बजाते हुए नीचे आना चाहते थे।
उन्होंने ऑस्ट्रेलिया के न्यू साउथ वेल्स में रविवार को यह अनोखा करतब कर दिखाया। स्काइडाइविंग के दौरान उन्होंने शुरुआत ब्रितानी संगीतकार रॉल्फ वॉन विलियम्स की धुन से की और फिर तेजी से नीचे आते वक्त उन्होंने खुद के लिए हैप्पी बर्थडे की धुन बजाई। उन्होंने बताया, यह हवा में उड़ते पक्षियों पर एक बेहद अच्छी धुन है और इस मौके के लिए एकदम उपयुक्त है।
उन्होंने कहा, पैराशूट खुलने के बाद मैं धुन बजाने के लिए खुद को आजाद महसूस कर रहा था । यह पूरी आजादी जैसा एहसास था। डोनेली एक क्लासिकल वायलिन वादक हैं, उन्होंने यह करतब न्यू साउथ वेल्स के कॉफ्स हार्बर के ऊपर वहां के पुरुषों में शारीरिक जागरूकता को बढ़ावा देने के उद्देश्य से किया।