अमेरिका के राष्ट्रपति
डोनाल्ड ट्रंप और उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग उन के बीच 12 जून को प्रस्तावित बैठक टल सकती है। ट्रंप ने कहा कि इस मुद्दे पर अभी कई मसले साफ नहीं हैं। ऐसे में बैठक की तिथि आगे बढ़ाई जा सकती है।
व्हाइट हाउस में ट्रंप ने दक्षिण कोरिया के राष्ट्रपति मून जे इन के साथ बैठक में जाने से पहले यह बयान दिया। ट्रंप-मून के बीच बातचीत से ही निर्णय होगा कि उत्तर कोरिया व अमेरिका के बीच बैठक होगी या नहीं। मून इसी मुद्दे पर वार्ता करने अमेरिका पहुंचे हैं।
गौरतलब है कि उत्तर कोरिया ने बीते हफ्ते दक्षिण कोरिया से होने वाली बातचीत को रद्द कर दिया था। दरअसल, ऐसा उसने दक्षिण कोरिया और अमेरिका के संयुक्त सैन्य अभ्यास मैक्स ठंडर से नाराज होकर किया था।
उत्तर कोरिया ने कहा था कि अमेरीका परमाणु हथियारों को लेकर अगर एकतरफा दबाव बनाता है तो वह 12 जून को होने वाली बातचीत भी रद्द कर सकता है। जिसके बाद अमेरिका ने उसे तबाह करने की धमकी दी थी।