सिंगापुर में 12 जून को ट्रंप और किम जोंग-उन के बीच होने वाली शिखर वार्ता की अनिश्चितता के बीच व्हाइट हाउस ने कहा है कि वह दोनों नेताओं के इस सम्मेलन के लिए तैयार है। हालांकि उत्तर कोरिया ने अमेरिका और दक्षिण कोरिया के संयुक्त युद्धाभ्यास का विरोध करते हुए बैठक को रद्द करने की धमकी दी है जबकि ट्रंप भी वार्ता में देरी होने की आशंका जता चुके हैं।
इन सभी अनिश्चितताओं के बीच व्हाइट हाउस की प्रेस सचिव सारा सैंडर्स ने संवाददाताओं से कहा कि यदि किम मिलना चाहते हैं तो हम शिखर सम्मेलन के लिए पूरी तरह से तैयार हैं। इस बीच अमेरिकी विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता हीदर नोर्ट ने उत्तर कोरिया की उस घोषणा का स्वागत किया है जिसमें किम जोंग-उन ने परमाणु परीक्षण स्थल को खत्म करने का एलान किया था।