गुरुवार को उत्तर कोरिया का सरकारी टेलीविजन सैन्य परेड का प्रसारण करने लगा। सैन्य परेड के बारे में पहले से कोई जानकारी नहीं थी। हालांकि ये सैन्य परेड पिछले कुछ सालों में होने वाली परेड के मुकाबले छोटी थी और टेलीविजन फुटेज में दिख रहा है कि किम जोंग उन परेड का जायजा ले रहे हैं। साथ में उनकी पत्नी रि सोल जु भी हैं। परेड में भारी हथियारों का भी प्रदर्शन किया गया।
किम जोंग उन ने कहा कि 'उत्तर कोरिया विश्व स्तरीय सैन्य ताकत' बन गया है। ये सालाना प्रदर्शन आमतौर पर अप्रैल में कोरियाई पीपल्स आर्मी के स्थापना दिवस के मौके पर होता है, पिछले 40 सालों में ये पहली बार है जब इसका आयोजन अप्रैल के बजाय फरवरी में किया गया है।
उत्तर कोरिया में इस तरह की सैन्य परेड को उच्च प्राथमिकता में रखा जाता है और एक तरह से दुनिया को दिखाया जाता है कि उसकी सेना में कितना दम है। पिछले साल यानी 2017 में उत्तर कोरिया ने अपनी सैन्य परेड का सीधा प्रसारण सरकारी टेलीविजन पर किया था और इसे कवर करने के लिए कई विदेशी पत्रकारों को भी आमंत्रित किया था।
पिछले महीने दक्षिण कोरिया की सरकार ने कहा था कि राजधानी प्योंगयांग के एक एयरपोर्ट के पास तकरीबन 13 हजार सैनिकों और 200 बड़े सैन्य हथियारों को देखा गया है। लगता है कि ये सैनिक और हथियार इसी सैन्य परेड की रिहर्सल का हिस्सा थे।
अमरीका और अन्य देशों की परवाह न करते हुए उत्तर कोरिया ने सैन्य परेड का आयोजन किया, तो इसकी वजह ये हो सकती है कि वो दुनिया को अपनी सैन्य ताकत दिखाने का मौका नहीं गंवाना चाहता।
लेकिन जानकारों का मानना है कि सैन्य परेड का टेलीविजन पर सीधा प्रसारण न करना दिखाता है कि किम जोंग उन परेड को बहुत बढ़ाचढ़ाकर नहीं दिखाना चाहते। उत्तर कोरिया पर उसके परमाणु कार्यक्रम को लेकर संयुक्त राष्ट्र ने कड़े प्रतिबंध लगाए हैं।