उत्तर कोरिया ने लंबी दूरी का रॉकेट दागा है जिसे उसके आलोचकों ने प्रतिबंधित मिसाइल तकनीक का परीक्षण बताया है।
उत्तर कोरिया के सरकारी टीवी के मुताबिक देश ने एक उपग्रह को सफलतापूर्वक पृथ्वी की कक्षा में स्थापित किया है। दक्षिण कोरिया का कहना है कि रॉकेट को उत्तर कोरिया के उत्तर पश्चिमी बेस से छोड़ा गया और यह जापान के दक्षिणी ओकिनावा द्वीपों के ऊपर से गुजरा।
अमेरिका, जापान और दक्षिण कोरिया ने इसकी कड़ी आलोचना करते हुए रविवार को ही संयुक्त राष्ट्र सुरक्षा परिषद की आपात बैठक बुलाए जाने का अनुरोध किया है। अमेरिका के विदेश मंत्री जॉन केरी ने कहा कि उनका देश मित्र देशों की सुरक्षा के लिए प्रतिबद्ध है।
संयुक्त राष्ट्र के महासचिव बान की मून ने इसे निंदनीय बताते हुए उत्तर कोरिया में भड़काऊ कार्रवाई बंद करने का अनुरोध किया है।