उत्तर कोरिया के तानाशाह किम जोंग और उन्हें देखने वालों के लिए रविवार का दिन खास था। किम जोंग को प्योंगयांग में एक म्यूजिक कंसर्ट के दौरान तालियां बजाते हुए देखा गया, खास बात यह है कि ये कलाकार दक्षिण कोरिया से आए थे। किम के ताली बजाकर कलाकारों की हौसलाफजाई को उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच नये संबंधों की शुरुआत के तौर पर देखा जा रहा है। कंसर्ट के दौरान किम जोंग की पत्नी भी उनके साथ मौजूद थीं।
रिपोर्टस के मुताबिक किम जोंग ने न केवल दक्षिण कोरियाई कलाकारों की प्रस्तुति पर तालियां बजाईं बल्कि स्टेज के पीछे जाकर उनके साथ फोटो भी खिंचाई। आपको बता दें कि पिछले एक दशक में यह पहला मौका है जब उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के नेता मिलने की तैयारी कर रहे हैं।
दक्षिण कोरिया से कलाकार भी पहली बार उत्तर कोरिया आएं हैं। आपको बता दें कि संगीत के दो कार्यक्रमों के लिए 11 से ज्यादा कलाकार दर्शकों को लुभाने की कोशिश करेंगे।
गौरतलब है कि विंटर ओलंपिक में उत्तर कोरिया ने भी अपने कलाकार दक्षिण कोरिया भेजे थे। वहीं किम जोंग पहले ऐसे उत्तर कोरियाई नेता हैं जो दक्षिण कोरियाई कलाकारों के कार्यक्रम में शामिल हुए हैं। आपको बता दें कि उत्तर कोरिया और दक्षिण कोरिया के बीच 27 अप्रैल को शिखर वार्ता होनी तय हुई है।