श्रीलंका में जारी सियासी गतिरोध के बीच राष्ट्रपति मैत्रिपाला सिरीसेना ने कहा कि सोमवार तक नए प्रधानमंत्री और कैबिनेट का ऐलान किया जाएगा। सिरीसेना ने यह भी कहा कि वह अपदस्थ प्रधानमंत्री रानिल विक्रमसिंघे को दोबारा देश का प्रधानमंत्री नियुक्त नहीं करेंगे।
श्रीलंका के सुप्रीम कोर्ट ने बृहस्पतिवार को अपने फैसले में राष्ट्रपति सिरीसेना द्वारा संसद को भंग करने के कदम को असंवैधानिक ठहराया था। मीडिया रिपोर्ट के मुताबिक, सुप्रीम कोर्ट के इस फैसले के बाद यूनाइटेड पीपल्स फ्रीडम अलायंस (यूपीएफए) की बृहस्पतिवार रात विशेष बैठक बुलाई गई, जिसमें सिरीसेना भी मौजूद थे।
बैठक में शीर्ष अदालत के फैसले की समीक्षा करने के बाद राष्ट्रपति ने कहा कि वह सोमवार तक नए प्रधानमंत्री और नई कैबिनेट का एलान करेंगे। सिरिसेना ने कहा कि वह सुप्रीम कोर्ट के फैसले का सम्मान करते हैं, लेकिन विक्रमसिंघे को दोबारा देश का प्रधानमंत्री नहीं बनाया जाएगा।