नेपाल की राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी
- फोटो : PTI
नेपाल निर्वाचन आयोग ने देश में 13 मार्च को राष्ट्रपति चुनाव की घोषणा कर दी है। नया राष्ट्रपति इस हिमालयी राष्ट्र की प्रथम महिला राष्ट्रपति बिद्या देवी भंडारी की जगह लेगा।
यद्यपि
नेपाल में राष्ट्रपति का कार्यकाल पांच वर्षों के लिए होता है लेकिन इस बार ढाई साल बाद ही यह चुनाव हो रहा है। ऐसा इसलिए क्योंकि पुरानी केंद्रीकृत राजनीतिक व्यवस्था को हटाने के बाद देश में नए संविधान के तहत पूर्ण संघवाद को लागू किया जा रहा है।
नेपाल के निर्वाचन आयोग ने बृहस्पतिवार को सरकार और विभिन्न राजनीतिक दलों से विचार विमर्श करने के बाद देश के तीसरे राष्ट्रपति के चुनाव के लिए मतदान की तारीख की घोषणा की। आयोग ने उम्मीदवारों के नामांकन के लिए सात मार्च की तिथि निर्धारित की है। मतगणना 13 मार्च को चुनाव संपन्न हो जाने के बाद तुरंत उसी दिन शुरू हो जाएगी।
उम्मीदवार को जीत हासिल करने के लिए 884 मतों में से बहुमत की जरूरत होगी। इन मतों में संसदीय सदस्यों के 334 जबकि प्रांतीय विधानसभा सदस्यों के 550 मत शामिल हैं। किसी भी उम्मीदवार द्वारा बहुमत का आंकड़ा हासिल नहीं कर पाने की स्थिति में निर्वाचन आयोग दो शीर्ष उम्मीदवारों के बीच चुनाव कराएगा। राष्ट्रपति चुने जाने के एक हफ्ते बाद निर्वाचन आयोग उपराष्ट्रपति के चुनाव के लिए तिथि की घोषणा करेगा।