नेपाल के प्रतिनिधि सभा चुनाव में वामपंथी गठबंधन की सरकार बनना तय दिख रहा है। रविवार शाम सात बजे तक घोषित नतीजों में गठबंधन को 86 सीटों पर जीत मिली थी, जबकि 27 पर वह आगे चल रहा था।
वाम गठबंधन के प्रमुख घटक नेपाल कम्युनिष्ट पार्टी (एमाले) को 62 सीटों पर जीत मिली है, जबकि वह 17 स्थानों पर आगे चल रही है। गठबंधन के दूसरे घटक माओवादी केंद्र ने 24 सीटों पर जीत हासिल की है और 10 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं।
भारत से हमारे रिश्ते अच्छे थे और आगे भी रहेंगे: प्रचंड
उधर, कांग्रेस को 13 सीटों पर जीत मिली है और 10 स्थानों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। मधेशी दल राष्ट्रिय जनता पार्टी ने 5 सीटों पर जीत हासिल की है और 6 पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। अब तक के नतीजों में संघीय समाजवादी फोरम को 4 और निर्दलीय उम्मीदवारों को 3 सीटों पर जीत मिली है। गौरतलब है कि प्रतिनिधि सभा के लिए प्रत्यक्ष चुनाव में 165 सीट और समानुपातिक चुनाव में 110 सीट अर्थात कुल 275 सीटें हैं। सरकार बनाने के लिए किसी भी दल को न्यूनतम 138 सीटों की जरूरत होती है। समानुपातिक निर्वाचन का मतगणना भी शुरू हो चुका है।
प्रदेश सभा में भी गठबंधन आगे
- प्रदेश सभा के चुनाव में भी वामपंथी गठबंधन आगे है। एमाले ने 112 सीटों पर जीत हासिल की है और 38 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे चल रहे हैं। माओवादी केंद्र को 49 सीटों पर जीत मिली है और 21 स्थानों पर वह आगे है। कांग्रेस को 27 सीटों पर जीत मिली है और 15 सीटों पर उसके उम्मीदवार आगे हैं। प्रदेश सभा में संघीय समाजवादी फोरम 10 सीटों पर और राष्ट्रीय जनता पार्टी ने 3 सीटों पर जीत हासिल की है।
ओली, भट्टराई और ठाकुर विजयी
- एमाले के अध्यक्ष और पूर्व प्रधानमंत्री केपी शर्मा ओली झापा के क्षेत्र नंबर 5 से प्रतिनिधि सभा के लिए निर्वाचित हो गए है। पूर्व प्रधानमंत्री और नया शक्ति पार्टी के अध्यक्ष डॉ. वावु राम भट्टराई गोरखा 2 नंबर क्षेत्र से विजयी हुए हैं। राष्ट्रीय जनता पार्टि के संयोजक महंथ ठाकुर और राजेंद्र महतो तथा संघीय समाजवादी फोरम के अध्यक्ष उपेंद्र यादव भी चुनाव जीत चुके हैं।