म्यांमार की नेता आंग सान सू-की के नेतृत्व वाली, सत्तारूढ़ पार्टी ने राष्ट्रीय, क्षेत्रीय और प्रांतीय संसदों की 13 सीटों को भरने के लिए हुए उपचुनावों में सात सीटों पर जीत दर्ज कर ली है। प्रारंभिक परिणामों के मुताबिक मौत या इस्तीफे के बाद खाली हुई इन सीटों में से सू की नेशनल लीग फॉर डेमोक्रेसी (एनएलडी) ने अच्छा प्रदर्शन किया है।
प्रारंभिक परिणामों के मुताबिक एनएलडी ने छह सीटें जीतीं, लेकिन पश्चिमी चिन प्रांत में निचले सदन के लिए डाले गए मतों की गिनती पूरी होते ही उसने सातवीं सीट पर भी जीत हासिल कर ली। शनिवार को हुए चुनावों के नतीजे दिखाते हैं कि एनएलडी ने मुख्य तौर पर देश के केंद्रीय स्थानों पर अपने समर्थन को बरकरार रखा है, लेकिन सीमाई क्षेत्रों में सीटें अल्पसंख्यक समुदायों का प्रतिनिधित्व करने वाली पार्टियों के हक में गईं।
2015 के आम चुनाव में आंग सान सू की की पार्टी दशकों से चल रहे सैन्य शासन को उखाड़कर सत्ता में आई थी। हालांकि, जल्द ही पार्टी और आंग सांन सू की से अल्पसंख्यक समुदाय का मोहभंग हो गया। अल्पसंख्यक समुदाय की सू की की पार्टी से नाराजगी वादे पूरे नहीं करने और उनके क्षेत्र में सैन्य गतिविधियों पर अंकुश नहीं लगाने को लेकर है।