पश्चिमी मोजाम्बिक के एक गांव में बड़ी दुर्घटना हुई है। एक तेल टैंक ट्रक में विस्फोट हो जाने से 73 लोगों की मौत हो गई और कई अन्य लोग घायल हुए हैं। मोजाम्बिक के सरकारी रेडियो 'रेडियो मोजाम्बिक' ने टेटे में अधिकारियों के हवाले से कहा है कि इस हादसे में मरने वालों की संख्या अब 73 हो गई है।इससे पहले सरकार ने गुरुवार को एक बयान में कहा कि मालावी के निकट टेटे प्रांत के काफिरिजेंज गांव में जब लोगों ने ट्रक से पेट्रोल लेने का प्रयास किया तो अचानक यह हादसा हो गया।
सरकारी बयान के अनुसार 110 लोग घायल हुए हैं। घायलों में कई की हालत गंभीर बताई जा रही है। खबर के मुताबिक घायलों में बच्चे भी शामिल हैं। सूचना मंत्रालय के निदेशक जोआओ मानासेस के मुताबिक अधिकारी यह पता लगाने की कोशिश कर रहे हैं कि जब विस्फोट हुआ, तो क्या उस समय तेल टैंक ट्रक पेट्रोल बेच रहा था या फिर निवासियों ने उस पर धावा बोल दिया था। हालांकि अभी तक विस्फोट के कारणों का पता नहीं चला है।
आपको बता दें कि अंतरराष्ट्रीय मुद्रा कोष के अुनसार, मोजाम्बिक दुनिया के सबसे गरीब देशों में से एक है। यह देश भयानक आर्थिक संकट से जूझ रहा है।