इंडोनेशिया के बाली द्वीप पर माउंट आगुंग ज्वालामुखी से राख हवा में 4 हजार मीटर (13,100 फ़ुट) ऊपर उठने के बाद विमान कंपनियों को 'रेड वॉर्निंग' जारी की गई है। इस सप्ताह इंडोनेशिया के किसी द्वीप पर यह दूसरी घटना है जब ज्वालामुखी से राख निकली है और हवाई उड़ानों में बाधा आई है। रेड वॉर्निंग जारी किए जाने का मतलब होता है कि ज्वालामुखी में राख के साथ विस्फोट होने की आशंका है।
पढ़ें- बाली: ज्वालामुखी फटने का डर, 75,000 ने छोड़ा घर, 1963 में 1,000 KM दूर तक गई थी निकली राख
राख फैलने के बाद प्रशासन कुछ इलाकों में मास्क बांट रहा है। बाली एक प्रमुख पर्यटन स्थल है। हालांकि, बाली के आकर्षण के केंद्र कुटा और सेमिनयाक जैसे इलाके ज्वालामुखी से तकरीबन 70 किलोमीटर दूर हैं। द्वीप का मुख्य एयरपोर्ट सामान्य तरीके से काम कर रहा है, लेकिन कुछ विमान कंपनियों ने अपनी उड़ानें रद्द कर दी हैं। ज्वालामुखी की राख विमान के इंजन खराब कर सकती हैं।