चरमपंथी संगठन इस्लामिक स्टेट ने अपने नेता अबू बकर अल बग़दादी का एक ऑडियो संदेशा जारी किया है जिसमें उन्होंने लोगों से मूसल शहर की रक्षा करने की अपील की है। खुद को इस्लामिक स्टेट का ख़लीफ़ा कहने वाले बग़दादी के ऑडियो में कहा गया है कि कोई पीछे नहीं हटेगा और वो जीत को लेकर आश्वस्त हैं।
यह लगभग एक साल में बगदादी की ओर से आया पहला संदेश है। ये आईएस को उसके अखिरी गढ़ मूसल से खदेड़ने के इराक़ी सेना के अभियान के कई दिनों बाद आया है। इराक के उत्तर में स्थित मूसल में इराक़ी सेना और इस्लामिक स्टेट के लड़ाकों के बीच घमासान चल रहा है।
इराक़ी सेना और उसके सहयोगी लड़ाकों ने डेढ़ दिन पहले मूसल के बाहरी इलाक़े में घुसने में कामयाबी पाई है। आईएस ने 2014 में मूसल पर कब्ज़ा किया था। उधर मानवाधिकार एमनेस्टी इंटरनेशनल का कहना है कि इस्लामिक स्टेट को खदेड़ने के अभियान में शामिल सुन्नी लड़ाके मूसल के बाहरी इलाके में उन पुरुषों और लड़कों के ख़िलाफ़ बदले की कार्रवाई कर रहे हैं जिन पर आईएस का साथ देने का शक है।