अफ्रीका में मलावी के एचआईवी संक्रमित सेक्स वर्कर एरिक अनीवा को राष्ट्रपति के आदेश पर गिरफ्तार कर लिया गया है। एरिक एनीवा को यौन शुद्धिकरण की एक रस्म के अनुसार महिलाओं और बच्चियों के साथ सेक्स करने के लिए भाड़े पर बुलाया जाता था।
एनीवा जैसे सेक्स वर्करों को मलावी में "हायना" (सेक्स वर्कर) के रूप में जाना जाता है। पिछले हफ्ते "हायना" पर बीबीसी ने स्पेशल फीचर किया था। एरिक ने बीबीसी का फीचर करने वाले एड बटलर को बताया था कि जब उन्हें भाड़े पर सेक्स के लिए बुलाया जाता है तो वे लड़कियों के मां-बाप को अपने एचआईवी संक्रमण के बारे में नहीं बताते हैं।
राष्ट्रपति पीटर मुथारिका ने इस बारे में पुलिस को हस्तक्षेप करते हुए जांच करने का भी आदेश दिया है। उनकी ओर से जारी एक बयान में कहा गया है कि "ये भयावह प्रथाएं भले कुछ लोग चला रहे हों, अंतरराष्ट्रीय पटल पर देश की छवि को खराब करती हैं और हमें शर्मिंदा करती हैं।"