इस साल विमान दुर्घटनाओं की वजह से दो विमान गंवाने वाली मलेशिया एयरलाइंस अपने नुकसान की भरपाई योजना के तहत 6,000 कर्मचारियों की कटौती करने जा रही है।
कंपनी के कुल 20,000 कर्मचारियों में से 30 फीसदी कर्मचारियों की संख्या में कमी की जाएगी।
अब यह विमानन कंपनी पूरी तरह से सरकारी कंपनी बन जाएगी और नए मुख्य कार्यकारी को इसकी जिम्मेदारी दे दी जाएगी। यह कंपनी पिछले कुछ सालों से लगातार घाटे में है।
इस रिकवरी योजना की लागत करीब 1.9 अरब डॉलर होगी। सरकारी निवेश कंपनी खजाना नैशनल की इस कंपनी में 69 फीसदी हिस्सेदारी रही है लेकिन अब इसके पास कंपनी के 100 फीसदी हिस्से का स्वामित्व होगा।
जांचकर्ता इसी साल मार्च में लापता हुए मलेशिया एयरलाइंस के विमान एमएच 370 की तलाश अब भी कर रहे हैं जिसने कुआलालंपुर से बीजिंग के लिए उडान भरी थी।
वहीं पूर्वी यूक्रेन में दुर्घटनाग्रस्त हुए कंपनी के एमएच17 विमान की जांच भी चल रही है।
बताया जाता है कि इस विमान पर 17 जुलाई को मिसाइल हमला हुआ जिसकी वजह से इस पर सवार 298 यात्रियों की मौत हो गई थी।