मिस्र में आंतरिक मामलों के मंत्रालय ने बताया है कि राजधानी काहिरा में एक सुरक्षा इमारत पर कार बम से हमला हुआ है।
इस धमाके में छह पुलिसकर्मियों समेत 22 लोग घायल हुए हैं। फिलहाल किसी के मारे जाने की कोई खबर नहीं है।
कार धमाका राजधानी काहिरा के शुब्रा जिले में स्थित एक सुरक्षा इमारत के बाहर हुए।
आसपास रहने वाले लोगों को स्थानीय समय के मुताबिक तड़के करीब दो बजे बड़े धमाके की आवाज सुनाई दी।
अभी तक किसी संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी नहीं ली है। इस साल इस्लामिक स्टेट के चरमपंथियों ने काहिरा में कई बम हमले किए हैं।
इन हमलों में सुरक्षा बलों को निशाना बनाया गया है। उत्तरी सिनई में इस्लामिक स्टेट से जुड़े चरमपंथी गुट ने सुरक्षा बलों को निशाना बनाने की बात कही थी।