दुनिया के आखिरी बचे उतरी सफेद नर गैंडे 'सुडान' की मौत हो गई है। राइटर्स की खबर के मुताबिक इस गैंडे की मौत सोमवार (19 मार्च) को केन्या में हुई है।
बता दें कि इस गैंडे की देखभाल केन्या में वन्यजीवों की रक्षा करने वाली एक संस्था कर रही थी। इस गैंडे की उम्र 45 वर्ष की थी। उसके पैर में संक्रमण हो गया था, जिसके चलते काफी समय से उसका इलाज किया जा रहा था। सूडान को उसकी प्रजाती की अन्य दो मादा गैंडे के साथ रखा गया था।
बता दें कि 'सुडान' की प्रजाति को बचाने और इसके पैर के इलाज के लिए पैसे इकट्ठा हो सके, इसके लिए उसकी प्रोफाइल डेटिंग ऐप पर भी बनाई गई थी, जिससे फर्टिलिटी ट्रीटमेंट के लिए 9 मिलियन डॉलर का फंड जुटाया जा सके।
उल्लेखनीय है कि एक समय अफ्रीका के सहारा उपक्षेत्र में हजारों सफेद गैंडे थे लेकिन लगातार शिकार की वजह से उत्तरी सफेद गैंडों की संख्या में तेजी से कमी आई। बताया जाता है कि शिकारी इन गैडों की सींग को 50,000 डॉलर प्रति किलो से ज्यादा के दाम पर बेचते हैं।
इसी वजह के चलते लगातार शिकार होता रहा और इनकी संख्या में भारी कमी आई, जिससे 1990 तक यह गैंडे सिर्फ 400 ही बचे, जबकि साल 1970 में इनकी संख्या 20,000 से भी अधिक हुआ करती थी।