उत्तर कोरिया के नेता किम जोंग-उन साल 2018 में बड़ी तेजी से अंतरराष्ट्रीय राजनीतिक चर्चाओं के केंद्र में आए हैं। लोग ये मानने लगे हैं कि राजनीतिक वर्ग में किम जोंग-उन की एक हैसियत तो है। वर्षों तक बाहरी दुनिया से कटे रहे किम जोंग-उन, अब एक शक्तिशाली खिलाड़ी के रूप में उभरे हैं।
चीन, रूस, सीरिया, दक्षिण कोरिया और अमरीका के नेताओं की किम जोंग-उन से इस साल मुलाकातें तय हो चुकी हैं। कई बड़े नेता उनसे वाक़ई मुलाकात करना चाहते हैं। रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने किम जोंग-उन को सितंबर में व्लादिवोस्टॉक (चीन की सीमा से सटा एक शहर) में मिलने का न्योता भेजा है।
जबकि सीरिया के राष्ट्रपति बशर अल-असद ने तो ये तक कहा है कि वो उत्तर कोरिया की राजधानी प्योंगयांग का दौरा भी करना चाहेंगे। प्योंगयांग में समाचार एजेंसी असोसिएटेड प्रेस के पूर्व ब्यूरो चीफ जीन ली ने कहा कि दुनिया किम जोंग-उन को अंतरराष्ट्रीय राजनेता बनते देख रही है। हम सभी इसके साक्षी हैं।
उत्तर कोरिया का आत्मविश्वास
उन्होंने कहा, "यह शो साल 2010 से एकदम अलग है, जब किम जोंग-उन को बच्चे की तरह दिखने वाले एक उत्तराधिकारी के रूप में देखा जाता था। लेकिन अब उनका आत्मविश्वास अलग स्तर पर है। उनके पास बैलिस्टिक मिसाइलें हैं और किम खुद को अमरीका जैसे दुनिया के बाकी परमाणु शक्ति संपन्न देशों से कहीं कम नहीं समझते हैं।"
नॉर्थ कोरियन हाउस ऑफ कार्ड्स नाम की किताब लिखने वाले केन गौज ने अपने सबसे ताजा निबंध में लिखा है कि साल 2017 में अपने मिसाइल परीक्षण कार्यक्रम में तेजी लाते वक्त किम जोंग-उन ने शायद ऐसे नतीजों की ही उम्मीद की होगी।
हालांकि एक राय ये भी है कि किम जोंग-उन को इस बात का बहुत कम अंदाजा था कि मिसाइल परीक्षण कार्यक्रम के बाद उन्हें अमरीका के राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप के साथ शिखर सम्मेलन का मौका मिलेगा।
नए राजनयिक दायरे
जीन ली कहते हैं, "किम ने खुद को बड़े लंबे वक्त तक बाहरी दुनिया से दूर रखा है। यही एक वजह है कि दुनिया भर के विदेशी अधिकारी उनसे मिलने का मौका नहीं गंवाना चाहते, क्योंकि वो किम जोंग-उन के बारे में जानना चाहते हैं। वो समझना चाहते हैं कि किम अपने देश के लिए क्या चाहते हैं।"
दो अन्य चीजें भी हैं जिन्होंने किम जोंग-उन को अपने नए राजनयिक दायरे तय करने में मदद की है। मसलन, दक्षिण कोरिया ने एक उदार राष्ट्रपति को चुना जिन्होंने अपने प्रचार के दौरान ही ये वादा किया था कि वो उत्तर कोरिया के साथ रिश्ते बेहतर करने का प्रयास करेंगे। इससे दोनों देशों को संवाद करने और अपने रिश्ते स्थापित करने में मदद मिली।
इसके बाद आया अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप का निमंत्रण। हालांकि, पिछले कमांडर इन चीफ ने कहा था कि वो कुछ शर्तें पूरी होने के बाद ही शिखर सम्मेलन के लिए आगे बढ़ेंगे।
उत्तर कोरिया ने बदले लक्ष्य
लेकिन डोनल्ड ट्रंप, जो कि एक साल से उत्तर कोरिया को धमकियां दे रहे थे, वो बिना किसी शर्त के आमने-सामने की मुलाकात को तैयार हो गए।
सिंगापुर में जब किम जोंग-उन और अमरीकी राष्ट्रपति डोनल्ड ट्रंप की मुलाकात होगी, तो ये याद रखने वाली बात होगी कि कैसे छह महीने पहले तक अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अलग-थलग रहने वाले किम जोंग उन, उन दो नेताओं में शुमार होंगे, जो दुनिया के सबसे बड़े राजनीतिक घटनाक्रमों में से एक के केंद्र में होंगे।
इस शिखर सम्मेलन ने खुद किम जोंग-उन को एक राजनीतिक लाभ दिया है। ये नई राजनयिक रणनीति सिर्फ ताकत के आधार पर नहीं, बल्कि कई जरूरतों से भी पैदा हुई है।
यह घोषणा करते हुए कि उनका परमाणु कार्यक्रम अब पूरा हो चुका है, किम जोंग-उन ने कहा कि अब उनका सारा ध्यान देश की अर्थव्यवस्था पर रहेगा। और ऐसा करने के लिए उन्हें गठबंधन बनाने की और पुराने दोस्तों की जरूरत होगी।