मोटापा विश्वभर में एक महामारी के तौर पर फैल रहा है। यह लगभग हर अगले व्यक्ति की परेशानी भी बनता जा रहा है और लोग इससे निजात पाने के लिए कुछ भी करने को तैयार हैं। कंपनियां इससे निपटने के लिए कई तरह के उत्पाद बाजार में पेश करती रही हैं।
जापान की एक कंपनी ने लोगों को मोटापे से राहत दिलाने के लिए विशेष जूते तैयार किए हैं। कंपनी का कहना है कि इस जूते को पहनने पर आप दोगुनी तेजी से मोटापे से निजात पा सकेंगे। कंपनी ने कहा कि यदि आप साधारण जूते पहनकर आधा घंटे तेज कदमों से चलते हैं या सुबह की सैर करते हैं तो 75-150 कैलोरी तक कम कर पाते हैं, वहीं इस जूते को पहनकर 300 कैलोरी तक कम किया जा सकता है।
जूते का खास वजन
इस जूते को खास बनाने में इसके वजन का सबसे अहम कार्य है। आमतौर पर प्रति जूते का वजन 200 से 400 ग्राम के बीच होता है पर इनका वजन 1200 से 1400 ग्राम तक है। इसका वजन बढ़ाने के लिए स्पेशल सोल का इस्तेमाल किया गया है।
इस सोल में छोटी-छोटी 100 से ज्यादा लोहे की बॉल लगाई गई है। इस जूते को इस तरह से डिजाइन किया गया है कि पहनने में सुविधाजनक हो। कम्पनी ने इस जूते का परीक्षण करने के लिए वैज्ञानिकों की मदद ली।
इस टेस्ट में सामने आया है कि इस जूते की मदद से फैट कम करने में तो मदद मिलेगी ही साथ ही हड्डियां भी मजबूत होंगी। इस जूते को पहनकर वॉक करने पर 25% ज्यादा तेजी से वजन कम होगा।