गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स ने मंगलवार को जापान के एक व्यक्ति को दुनिया का सबसे उम्रदराज व्यक्ति माना है। मासाजो नॉनका होकाइडो के उत्तरी प्रांत के रहने वाले हैं। उनकी उम्र 112 साल है। एक प्रमाणपत्र के मुताबिक मासाजो नॉनका का जन्म 25 जुलाई 1905 में हुआ था। सिन्हुआ न्यूज एजेंसी के मुताबिक प्रमाण पत्र पाने के दौरान नॉनका और उनका परिवार मौजूद रहा।
इस दौरान नॉनका ने कहा कि वह अपनी लाइफ को एन्जॉय कर रहे हैं। उन्हें टीवी पर आने वाली सूमो फाइट बेहद पसंद है। नॉनका गाने भी सुनते हैं। वह अपने परिवार के साथ रहते हैं। जिनके साथ वह खूब मस्ती करते हैं। उन्होंने कहा कि उनका घर भी बहुत पुराना है। उनके घर की उम्र भी सौ साल से ज्यादा की है।
गिनीज वर्ल्ड रिकॉर्ड्स के एडिटर इन-चीफ क्रेग ग्लेन्डे ने कहा कि नॉनका की उपलब्धि उल्लेखनीय है। उन्होंने कहा कि वह अपने जीवन से हमें काफी सीख देते हैं। वह हमें जीवन के मूल्य के बारे में एक महत्वपूर्ण सबक और मानवीय दीर्घायु की सीमाओं को कैसे फैलाना है यह सीख देते हैं। ग्लेन्डे ने कहा कि हम उनके जीवन से काफी कुछ सीख सकते हैं।
नॉनका के पोते कोकी कुरोहता कहते हैं कि उनके दादा इस उम्र में भी सारे काम खुद करते हैं। उन्हें किसी के सहारे की जरूरत नहीं है। उनका दिमाग भी ठीक से काम करता है। उन्होंने कहा कि वह अपनी लाइफ को पूरी तरह से एन्जॉय कर रहे हैं।