इंडोनेशिया में एक व्यक्ति को जकार्ता में जनवरी में हुए बम हमले में भूमिका के लिए 10 साल की कैद हुई है। हाल के सालों के सबसे खतरनाक बताये गए हमले में चार नागरिकों की मौत हो गई थी। 23 साल के डोडी सुरीदी ने, जिनका तालुक्क खुद को इस्लामिक स्टेट बताने वाले समूह से है, हमले में इस्तेमाल किए गए बम को बनाने में मदद की थी। डोडी ने फैसले को स्वीकार किया और कहा कि वो 'आतंकवादी होने के खतरे' को मानते हैं।
सरकारी वकील का कहना था कि सुरीदी ने गैस कनस्तर मुहैया करवाए जिसकी मदद से दो हमलावरों ने खुद को उड़ा लिया था। सुरीदी को हमले के दूसरे दिन ही गिरफ्तार कर लिया गया था। एक और इस्लामिक समर्थक, 48 साल के अली हमका को हमले के लिए बम और गोला बारूद जुटाने की कोशिश के लिए चार साल की कैद हुई है।