तुर्की के इस्तांबुल में नाइटक्लब में हुई गोलीबारी में कई विदेशी नागरिकों समेत 39 लोग मारे गए। ताजा खबर के मुताबिक मारे गए लोगों में 2 भारतीय भी थे। अधिकारियों ने बताया कि रेइना क्लब में लोग नए साल का जश्न मना रहे थे। दो हमलावर सांता क्लॉज के ड्रेस में अंदर आए और गोलीबारी शुरू कर दी। तुर्की के गृह मंत्री सुलेमान सोयलु ने बताया कि अब तक 21 मृतकों की पहचान हो पाई है जिनमें 16 लोग विदेशी नागरिक थे और पांच स्थानीय। अन्य 69 लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। उन्होंने कहा कि हमलावर फरार हो गए। उनकी तलाश जारी है।
इस्तांबुल के गवर्नर वासिप साहिन ने बताया कि यह हमला स्थानीय समय के अनुसार एक बजकर पन्द्रह मिनट पर शुरू हुआ। उन्होंने इसे आतंकवादी हमला करार दिया। कुछ प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि हमलावर अरबी में बात कर रहे थे हालांकि अब तक हमले की जिम्मेदारी किसी ने नहीं ली है। एनटीवी टेलीविजन ने बताया कि कई लोग घबराहट में पानी में कूद गए। डोगान न्यूज एजेंसी ने कहा कि सांता क्लॉज की ड्रेस पहने दो बंदूक धारियों ने यह हमला किया। दोनों की पहचान अभी नहीं हो पाई है।
इस हमले ने पेरिस में नवंबर 2015 में हुए उस हमले की याद दिला दी जिसमें 130 लोग मारे गए थे। बीते साल तुर्की में कई आतंकवादी हमले हुए। 10 दिसंबर को एक फुटबॉल मैच के बाद हुए दो बम धमाकों में 44 लोग मारे गए थे। इससे पहले जून में इस्तांबुल के अतातुर्क हवाई अड्डे पर हुए तिहरे आत्मघाती हमले तथा गोलीबारी में 47 लोग मारे गए थे। हाल ही में अंकारा में एक आर्ट गैलरी में रूस के राजदूत की गोली मार कर हत्या कर दी गई थी। नाटो के महासचिव जनरल जेंस स्टोल्टेनबर्ग ने इस हमले की निंदा की है और कहा कि वह सहयोगी तुर्की के साथ खड़ा है।
#UPDATE Istanbul nightclub attack kills 39, including 16 foreigners, says Turkey interior minister: AFP pic.twitter.com/UcuyZcqHl6
— ANI (@ANI_news) January 1, 2017
Istanbul's governor says at least 35 killed in terror attack at nightclub, some 40 others wounded:AP
— ANI (@ANI_news) January 1, 2017
Media reports say gunman entered Istanbul nightclub dressed as Santa Claus: AP
— ANI (@ANI_news) January 1, 2017