इराक के प्रधानमंत्री हैदर अल अबादी ने कहा है कि इराकी सेना ने फलूजा शहर पर अधिकार कर लिया है। प्रधानमंत्री अबादी ने कहा कि फलूजा के कुछ हिस्सों में इस्लामिक स्टेट के लड़ाके मौजूद हैं लेकिन अगले कुछ घंटों में ये स्थान भी सेना के अधिकार में होंगे।
सरकारी टीवी पर दिए संक्षिप्त बयान में अबादी ने कहा, "हमने आपसे फलूजा की आजादी का वादा किया था और हमने इस पर दोबारा अधिकार कर लिया।"
उन्होंने कहा कि सेना का अगला लक्ष्य इराक का उत्तरी शहर मोसूल होगा। मोसूल को इराक में इस्लामिक स्टेट का गढ़ माना जाता है। इसके पहले इराक की सरकारी सेना ने फलूजा शहर में सरकारी कंपाउंड को इस्लामिक स्टेट के कब्जे से छुड़ाने की जानकारी दी थी।