वर्ष 1970 के दशक में ई-मेल का आविष्कार करने वाले अमेरिकी प्रोग्रामर रे टॉम्लिंसन का 74 वर्ष की उम्र में निधन हो गया है। संदेश भेजने में ‘ऐट द रेट’ संकेत के प्रयोग का श्रेय भी रे को जाता है। उन्होंने 1971 में डायरेक्ट इलेक्ट्रॉनिक मैसेज का आविष्कार किया। इस आविष्कार से पहले यूजर एक निश्चित नेटवर्क पर ही दूसरों को संदेश लिख सकते थे।
टॉम्लिंसन की नियोक्ता कंपनी रेथियॉन ने कहा कि वह तकनीक के शानदार जानकार थे। रे ही वह व्यक्ति थे जो पुराने समय के नेटवर्क कंप्यूटरों में ई-मेल लेकर आए। कंपनी के प्रवक्ता ने बताया की टॉम्लिंसन का निधन शनिवार को हुआ।
उनके कामों ने दुनिया में संचार के आदान-प्रदान के तरीके को ही बदल कर रख दिया। इतनी शानदार उपलब्धि के बावजूद वह बहुत विनम्र व्यक्ति थे। उनके निधन पर दुनिया भर से शोक संदेश आ रहे हैं। गूगल की जीमेल टीम ने एक ट्वीट कर उन्हें ‘ऐट द रेट’ संकेत के इस्तेमाल पर उनका आभार जताया है।