मुस्लिम बहुल बांग्लादेश में फिर से हिंदू मंदिरों में तोड़फोड़ के दो मामले सामने आए हैं। रविवार को कुछ शरारती तत्वों ने काली देवी की सात प्रतिमाओं को तोड़ डाला। पहली घटना बांग्लादेश के उत्तरी नेत्रोकोना जिले के मिमेनसिंहरोही गांव की है, जबकि दूसरी घटना पबना जिले के बीरा इलाके की है। हाल ही में बांग्लादेश में 10 से ज्यादा मंदिरों पर हमले की घटनाओं के बाद ये मामले सामने आए हैं।
बांग्लादेशी अखबार ढाका ट्रिब्यून के मुताबिक रविवार को नेत्रोकोना इलाके में स्थित मंदिर में कुछ शरारती तत्वों ने तोड़फोड़ किया और काली माता की चार प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया। पुलिस ने बताया कि रविवार तड़के नेत्रोकोना के मिमेनसिंहरोही गांव के लोगों को शरीफपुर काली मंदिर का दरवाजा खुला मिला और काली माता की चार प्रतिमाएं टूटी दिखीं। कुछ प्रतिमाएं मंदिर से करीब 600 फुट की दूरी पर पड़ी मिलीं।
मामला सामने आने के फौरन बाद पुलिस को इसकी जानकारी दी गई। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। इसके अलावा पश्चिमोत्तर पबना जिले में भी मंदिर में तड़के तोड़फोड़ की गई और काली माता की तीन प्रतिमाओं को क्षतिग्रस्त कर दिया गया।