पूर्वी बेल्जियम के वेरविए शहर में पुलिस के चरमपंथ विरोधी अभियान में दो संदिग्ध चरमपंथियों के मारे जाने के बाद पूरे देश में हाई अलर्ट जारी किया गया है। इस अभियान में जख्मी हालत में एक को गिरफ्तार भी किया गया है।
अधिकारियों का कहना है कि जिन लोगों को अभियान में निशाना बनाया गया है, वो सीरिया से लौटे संदिग्ध जिहादी हैं और उन्होंने पुलिस पर हमले की योजना बनाई थी। ब्रसेल्स के इलाके में रात भर तलाशी अभियान चला है।
संघीय अभियोजक कार्यालय के प्रवक्ता एरिक वानडर सिप्ट ने पत्रकारों को बताया कि इस मुठभेड़ के बाद चरमपंथी हमले का खतरा बढ़ गया है। वेरविए शहर बेल्जियम के लीज प्रांत में है और इसकी कुल आबादी करीब 56 हजार है। बेल्जियम के मीडिया के मुताबिक फ्रांस के हमले में इस्तेमाल कुछ हथियार ब्रसेल्स पहुंचाए गए हैं। हालांकि पुलिस ने इसकी पुष्टि नहीं की है।