सीरिया का अलेप्पो शहर बुधवार को भीषण गोलीबारी और बमबारी से दहल गया। विद्रोहियों की ओर से सरकार के नियंत्रण वाले इलाके में की गई गोलीबारी में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई। पिछले पांच साल से सीरिया में विद्रोहियों और सरकार के बीच लड़ाई जारी है।
हालांकि अब लड़ाई निर्णायक दौर में पहुंच गई है। सुरक्षा बलों का कहना है कि जब तक पूरे इलाके को नियंत्रण में नहीं ले लिया जाता है, तब तक लड़ाई जारी रहेगी।
सूत्रों ने बताया कि विद्रोहियों के कब्जे वाले अलेप्पो के इलाके से नागरिकों को निकालने की जद्दोजहद की जा रही है। सीरिया की सरकारी मीडिया के मुताबिक,सरकार के नियंत्रण वाले बस्तार अल-कस्र इलाके में विद्रोहियों की ओर से की गई गोलीबारी में कम से कम सात लोगों की मौत हो गई।
वहीं, निगरानी समूह सीरियन ऑब्जर्वेटरी फॉर ह्यूमन राइट्स ने बताया कि विद्रोहियों के इलाके वाले क्षेत्र में हवाई हमले फिर से शुरू कर दिए गए हैं। एएफपी के मुताबिक विद्रोहियों के कब्जे वाले पूर्व अलेप्पो इलाके में गोलाबारी में कई नागरिक घायल हुए हैं।
भीषण संघर्ष से घबराए लोग आश्रय की तलाश में इलाके से भाग रहे हैं। निगरानी समूह के प्रमुख रामी अब्देल रहमान ने बताया कि बुधवार सुबह सुरक्षा बलों और विद्रोहियों की ओर कई गोले दागे गए।