फिलीपींस में आए समुद्री तूफान हेयान से करीब 10 हजार लोगों के मारे जाने की आशंका जताई जा रही है। अमेरिकी विदेश मंत्रालय ने तूफान प्रभावित इलाकों में राहत और बचाव कार्य के लिए हेलिकॉप्टर, विमान और नौसैनिक संसाधनों से मदद पहुंचाने की बात कही है।
फिलीपींस सरकार ने अमेरिका से मदद की अपील की थी। कई दूसरे देशों ने भी तूफान प्रभावित इलाकों में मदद पहुंचाने की पेशकश की है।
फिलीपींस में एक स्थानीय पुलिस प्रमुख ने कहा कि शुक्रवार को इस समुद्री तूफ़ान ने लेयटे द्वीप पर अपना कहर बरपाया जिससे क़रीब 10 हज़ार लोगों के मारे जाने की संभावना है।
अब तक फ़िलीपींस सरकार ने सैकड़ों लोगों के मारे जाने की पुष्टि की थी। गृह सचिव ने कहा कि राहत बचाव कार्य बेहद दुरुह रहा क्योंकि कई जगह मलबे में तब्दील हो गए।
रेड क्रॉस और सेना बड़े पैमाने पर राहत-बचाव कार्य में जुटी है, लेकिन बाढ़ की वजह से कई सड़कें पूरी तरह बर्बाद हो गई हैं।
फ़िलीपींस में रेड क्रॉस के महासचिव ग्वे़ंडॉलएन पेंग ने बीबीसी को बताया कि उन्हें मिल रही रिपोर्टों के मुताबिक केवल टेकलोबान शहर में कई शव तैरते हुए देखे गए हैं।
320 किलोमीटर की रफ़्तार वाले अब तक के इस सबसे ताक़तवर तूफ़ान के टकराने से इमारतें धराशाई हो गईं और कई जगह भूस्खलन हुआ।
टेकलोबान शहर के एक वीडियो में तूफ़ान के टकराने के वक़्त शहर पानी में घिरा दिखाई दिया।
समुद्री तूफ़ान हेयान ज़मीन से टकराने वाला अब तक का सबसे ताक़तवर तूफ़ान है।
मनीला में मौजूद बीबीसी संवाददाता जोन डॉनिसन के मुताबिक़ लेयटे द्वीप स्थित टेकलोबान शहर में एयरपोर्ट को भारी नुक़सान हुआ है और फिलहाल सिर्फ़ सैन्य विमान ही उड़ पा रहे हैं।
नागरिक उड्डयन प्राधिकरण के उपनिदेशक जॉन एंड्रयूज़ का कहना है कि उन्होंने टेकलोबान एयरपोर्ट के प्रबंधक से बात की है जिन्होंने 100 से ज़्यादा शव और सैंकड़ों घायल लोग देखे हैं।
सबसे ज़्यादा प्रभावित होने वाले इलाक़ों से संपर्क टूट गया है और मृतकों की सही संख्या पता चलने में अभी वक़्त लग सकता है।
फ़िलीपींस रेड क्रॉस के निदेशक ग्वेडोलिन पैंग ने समाचार एजेंसी एएफ़पी को बताया, ''हमारे पास इमारतों के गिरने, घरों के टूटने और भूस्खलन की रिपोर्टे हैं। लेकिन कितना नुक़सान हुआ है यह अभी हमें पता नहीं है। शायद आज हम हालात को बेहतर समझ पाएं।''
हेयान तूफ़ान स्थानीय समयानुसार शुक्रवार सुबह सुर्योदय से पहले फ़िलीपींस के तटों से टकराया। तूफ़ान के दौरान हवाओं की गति 380 किलोमीटर प्रतिघंटा तक थी। समुद्र में 15 मीटर तक ऊँची लहरें उठ रहीं थी और क़रीब 400 मिलीमीटर बारिश हुई।
तूफ़ान का कहर
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक़ हेयान तूफ़ान साल 2012 में आए बोफ़ा तूफ़ान जितना विनाशकारी हो सकता है। इस तूफ़ान में एक हज़ार से अधिक लोग मारे गए थे।
इस दौरान कई इलाक़ों में बिजली चली गई थी और संपर्क कट गए थे।
हेयान का असर फ़िलीपींस के दूसरे सबसे बड़े शहर सेबू पर भी हुआ है। इस शहर में क़रीब 25 लाख लोग रहते हैं।
समुद्री तूफ़ान
इस समुद्री तूफ़ान से लेयटे द्वीप सबसे ज़्यादा प्रभावित हुआ
तूफ़ान का केंद्र राजधानी मनीला के दक्षिण से गुज़रा और इसका राजधानी पर भी असर रहा।
तूफ़ान के रास्ते में वे इलाक़े भी आए जो पिछले महीने आए 7.3 तीव्रता के भूकंप के प्रभावों से अब तक संघर्ष कर रहे थे। इनमें बोलोह शहर भी शामिल है जहाँ अभी भी पाँच हज़ार लोग टैंटों में रह रहे हैं।
फ़िलीपींस में ब्रितानी राजदूत आसिफ़ मोहम्मद का कहना है कि राहत कार्यों के विशेषज्ञों की एक ब्रितानी टीम शनिवार को प्रभावित इलाक़ों में भेजी जाएगी।
वियतनाम की ओर
तूफ़ान वियतनाम की ओर बढ़ रहा है। रविवार को यह वियतनाम के तटों से टकराएगा।
सरकारी संस्थाएं यहाँ क़रीब एक लाख लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुँचाने में जुटी हैं।
सरकारी मीडिया के मुताबिक़ स्कूल बंद कर दिए गए हैं और तटीय इलाक़ों के लोगों को राहत कैंपों में पहुँचाया जा रहा है।