कभी फिलिपींस जाएं और कोई झुककर आपको ‘पो’ और ‘ओपो’ कहे, तो चौंकिएगा नहीं। वहां बड़ों का आदर करने का यही तरीका है, जिसे फिलिपींस के लोग ‘पगममानो’ कहते हैं।
बड़ों का आदर करना हमें हमेशा से ही सिखाया जाता है, लेकिन आज के युवा पीढ़ी की सोच एकदम अलग है। हम अपने मन के अनुसार लोगों का आदर करते हैं। जो पसंद आया, उसका सत्कार कर दिया, जो नहीं उसे देखते तक नहीं हैं। लेकिन आज भी कई देशों में इसे अलग ढंग से न सिर्फ निभाया जाता है, बल्कि रोजमर्रा में शामिल भी किया जाता है।
फिलिपींस के लोग अपने से बड़े के समक्ष थोड़ा सा झुककर, सामने वाले के एक हाथ अपने हाथों में लेकर उसे अपने माथे पर दबाते हैं। इस तरह किए गए उनके आदर को वहां 'पगममानो' कहा जाता है। उनका यह हाव-भाव, बड़ों के लिए सम्मान का प्रतीक है। सिर्फ फिलिपींस में ही नहीं, मलेशिया और इंडोनेशिया के कुछ भागों में भी इसी तरह बड़ों का आदर-सत्कार किया जाता है। कहा जाता है, कि अभिवादन करने का यह तरीका सदियों पहले चाइनीज लोगों से लिया गया था।
पढ़ेंः-आसियान के साथ गहरे संबंधों का प्रतीक फिलीपींस यात्रा: पीएम मोदी
परिवार के किसी समारोह में बच्चों को अपने बड़ों से इस तरह आशीर्वाद प्राप्त करने के निर्देश भी दिए जाते हैं। इसके साथ किसी बड़े को संबोधित करने के लिए शब्द 'पो' और 'ओपो' का प्रयोग किया जाता है। जब कोई बड़ा आपसे सवाल करता है, तो आपको 'ओओ' की जगह 'ओपो' का इस्तेमाल करना चाहिए, जिसका अर्थ 'हां ' होता है। कुछ जगहों में 'पोओ' और 'ओपो' समान कद के लोगों के लिए प्रेमपूर्वक पुकारने के लिए भी प्रयोग किया जाता है।