तुर्की के प्रधानमंत्री अहमत दावुतोग्लु ने राजधानी अंकारा में एक शांति रैली के दौरान हुए धमाकों के बाद देश में तीन दिन के राष्ट्रीय शोक की घोषणा की है। शनिवार को हुए इन धमाकों में 95 लोग मारे गए जबकि 200 से ज्यादा लोग घायल हैं।
ये तुर्की में इस तरह का अब तक का सबसे घातक हमला है। घटनास्थल की टीवी फुटेज में लोगों को अफरा-तफरी में भागते हुए और कइयों को जमीन पर खून में लथपथ पड़े देखा जा सकता है।
ये धमाके ऐसे समय में हुए हैं जब तीन हफ्ते बाद तुर्की में आम चुनाव हैं। इससे पहले वहां इसी साल जून में भी चुनाव हुए लेकिन खंडित जनादेश के बाद सरकार बनाने की सभी कोशिशें नाकाम रही थीं।
तुर्की के प्रधानमंत्री ने कहा है कि ऐसे सबूत हैं कि इन धमाकों को दो आत्मघाती हमलावरों ने अंजाम दिया है।