कोरोना वायरस महामारी के चलते बुरी तरह से तबाह हो चुकी अमेरिकी अर्थव्यवस्था को पुनर्जीवित करने के लिए अमेरिकी राष्ट्रपति ने ग्रेट अमेरिकन इकॉनोमिक रिवाइवल इंडस्ट्री समूहों का गठन किया है। इसमें ट्रंप ने गूगल के सुंदर पिचाई और माइक्रोसॉफ्ट के सत्या नडेला समेत छह भारतवंशियों को नामित किया है। ये आर्थिक पुनरुद्धार उद्योग समूह अमेरिका की अर्थव्यवस्था पर ट्रंप को सुझाव देंगे।
एक अन्य समूह में एप्पल के टिम कुक, ओरेकल के लैरी एलिसन और फेसबुक के मार्क जुकरबर्ग शामिल हैं। वहीं मैन्युफैक्चरिंग समूह में कैटरपिल के जिम उम्पलेबी, टेस्ला के एलन मस्क, फिएट क्रिसलर के माइक मैनले, फोर्ड के बिल फोर्ड और जेनरल के मैरी बारा शामिल हैं। वीजा मामलों में अल केली, ब्लैकस्टोन के स्टीफन श्वार्जमैन, फिडेलिटी इंवेस्टमेंट के एबिगेल जॉनसन व इंटुइट के सासन गुडाराजी शामिल हैं।
अमेरिकी राष्ट्रपति ने जिन समूहों को बनाया है उनमें कृषि, बैंकिंग, निर्माण-श्रम-कार्यबल, रक्षा, ऊर्जा, वित्तीय सेवाएं, खाद्य और पेय पदार्थ, स्वास्थ्य, आतिथ्य, विनिर्माण, अचल संपत्ति, खुदरा, तकनीक, दूरसंचार, परिवहन, खेल और विचारशील नेता शामिल हैं। अमेरिकी नेताओं के ये द्विदलीय समूह व्हाइट हाउस के साथ मिलकर काम करेंगे, ताकि वे अद्वितीय अमेरिकी समृद्धि के भविष्य की ओर अग्रसर हो सकें।