वैश्विक महामारी कोरोना वायरस का कहर लगातार बढ़ता ही जा रहा है। दुनियाभर में कोरोना वायरस की वजह से मौतों की संख्या एक लाख 27 हजार से ज्यादा हो गई है और 20 लाख से ज्यादा लोग संक्रमित हैं। वहीं, चार लाख 86 हजार से ज्यादा लोग ठीक हो चुके हैं। इधर, अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ की फंडिंग रोकने की घोषणा कर दी है। चीन ने इस पर गंभीर चिंता जताई है। अमेरिका में पिछले 24 घंटे में रिकॉर्ड 2600 लोगों की मौत हुई है। इसके बाद मौत का आंकड़ा 25 हजार को पार कर गया है। यहां पढ़ें दुनियाभर में कोरोना से संबंधित सभी अपडेट...
जॉन्स हॉपकिंस विश्वविद्यालय की रिपोर्ट के हवाले से जानकारी दी गई है कि यूनाइटेड स्टेट्स में बीते 24 घंटे में करीब 2600 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई। रिपोर्ट में कहा गया है कि यह अबतक की एक दिन में हुई सबसे अधिक मौतों की संख्या है।
विज्ञापन
अमेरिका ने शिखर को पार किया: ट्रंप
अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने कहा कि कोरोना वायरस के मामलों में अमेरिका ने शिखर को पार कर लिया है।
हम अपने सहयोगियों के साथ काम करके किसी भी वित्तीय कमी को पूरा करेंगे
डब्ल्यूएचओ (WHO) अमेरिका द्वारा फंडिग वापस लेने से हमारे काम पर होने वाले असर का आकलन कर रहा है। अपने सहयोगियों के साथ हम काम करके किसी भी वित्तीय कमी को पूरा करेंगे। बिना रुके हमारा काम चलता रहेगाः टेड्रॉस ऐडहॉनम गीब्रियेसस, निदेशक, डब्ल्यूएचओ
जी-7 नेता गुरुवार को करेंगे कोरोना महामारी पर चर्चा
अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और जी-7 के नेता गुरुवार को वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से कोरोना वायरस महामारी को लेकर अंतरराष्ट्रीय समन्वय पर चर्चा करेंगे। यह जानकारी व्हाइट हाउस ने दी। ट्रंप के आमंत्रण पर यह बैठक पिछले महीने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से हुए अन्य शिखर सम्मेलन के बाद हो रही है।
व्हाइट हाउस के प्रवक्ता जुड डीरे ने कहा कि ट्रंप ने कोरोना वायरस महामारी से निपटने के प्रयासों में समन्वय पर चर्चा करने के लिए गुरुवार सुबह बैठक आयोजित की है। समूह-7 (जी-7) में अमेरिका, ब्रिटेन, कनाडा, फ्रांस, जर्मनी, इटली, और जापान शामिल हैं। अमेरिका के पास इस साल की समूह की अध्यक्षता है।
जर्मनी में तीन मई तक बढ़ सकती है लॉकडाउन की अवधि: सूत्र
कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के उद्देश्य से जर्मनी में लॉकडाउन की अवधि तीन मई तक बढ़ाई जा सकती है। चांसलर एंजेला मर्केल के साथ हुई एक महत्वपूर्ण बैठक से पहले सरकारी सूत्रों ने बुधवार को यह जानकारी दी।
सूत्रों के अनुसार जर्मनी के 16 राज्यों और प्रतिनिधियों ने प्रतिबंध बढ़ाए जाने को लेकर लिखित में सहमति जताई है। लॉकडाउन की अवधि 19 अप्रैल से आगे बढ़ाकर तीन मई तक की जा सकती है। इस दौरान स्कूल भी बंद रहेंगे।
जर्मनी में 31 अगस्त तक नहीं होंगे बड़े पैमाने पर सार्वजनिक कार्यक्रम लगा प्रतिबंध।
विज्ञापन
ईयू प्रमुख ने चार मई को दानदाता सम्मेलन बुलाया, कोविड-19 के टीके के लिए जुटाएंगी धन
यूरोपीय आयोग की प्रमुख उरसुला वोन देर लेयेन ने चार मई को एक दानदाता सम्मेलन का आह्वान किया है ताकि कोरोना वायरस के इलाज के लिए टीका विकसित करने और विश्वभर में उसकी आपूर्ति करने के लिए आवश्यक धन जुटाया जा सके।
ब्रसेल्स की शीर्ष अधिकारी ने वीडियोलिंक न्यूज कॉन्फ्रेंस में कहा कि टीका विकसित करना वायरस को हराने के दिशा में हमारा सर्वश्रेष्ठ सामूहिक कदम है। इस वैश्विक पहल के लिए धन की आवश्यकता है।
ब्राजील में दो राज्यों के गवर्नर कोरोना से संक्रमित
ब्राजील के दो राज्यों के गवर्नर कोरोना वायरस से संक्रमित पाए गए हैं। इन दोनों ने कोविड-19 पर रोक लगाने के लिए लाए गए प्रतिबंधों में छूट देने के आह्वान पर राष्ट्रपति जेयर बोलसोनारो की आलोचना की थी।
रियो डी जेनेरियो के गवर्नर विल्सन विट्जल और उत्तरी राज्य पारा के गवर्नर हेल्दर बरबाल्हो ने ट्विटर पर अपने संक्रमित होने की जानकारी दी। उन्होंने लोगों से घरों में ही रहने की अपील की है।
विट्जल गैर जरूरी कारोबार को बंद रखने और लोगों के घरों में ही रहने का समर्थन कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि शुक्रवार से ही वह अस्वस्थ महसूस कर रहे थे जिसके बाद जांच में कोरोना वायरस से संक्रमित होने की पुष्टि हुई। उन्होंने बताया कि उनकी स्थिति में सुधार है।
यूरोप में कोरोना संक्रमण के दस लाख से अधिक मामले
यूरोप में कोरोना वायरस संक्रमण के दस लाख से अधिक मामले सामने आए: एएफपी
स्पेन में कोरोना से 523 लोगों की मौत
स्पेन में कोरोना वायरस से 523 लोगों की मौत हो गई है। हालांकि, दैनिक मृतक संख्या में फिर कमी आई है।
अमेरिका ने चीन पर लगाया आरोप
अमेरिका के विदेश मंत्री माइक पोम्पिओ ने कहा है कि चीन ने अमेरिकियों को तब पहुंच प्रदान नहीं की जब शुरुआत में इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी।
पोम्पिओ ने कोरोना वायरस को एक वैश्विक महामारी घोषित करने में बहुत लंबा समय लेने के लिए विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की भी आलोचना की।
विदेश मंत्री ने कहा कि राष्ट्रपति ने उस बारे में बात की और तब हमें पता चला कि उनके पास प्रयोगशाला है। हम जानते हैं कि वायरस की उत्पत्ति खुद से वुहान में ही हुई थी। इसलिए ये सभी चीजें एक साथ आईं।
उन्होंने कहा कि डब्ल्यूएचओ ने कोविड-19 को वैश्विक महामारी घोषित करने में बहुत समय लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि ऐसा इसलिए किया गया क्योंकि चीनी कम्युनिस्ट पार्टी नहीं चाहती थी कि ऐसा हो।
नेपाल पुलिस ने बंद का उल्लंघन करने वाले 2,427 लोगों के खिलाफ की कार्रवाई
नेपाल पुलिस ने कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए लगाए गए लॉकडाउन के बीच सरकार के दिशानिर्देशों का उल्लंघन करने पर 2,400 से अधिक निवासियों के खिलाफ बुधवार को कार्रवाई की।
नेपाल में 16 लोग इस बीमारी से संक्रमित हैं।
यहां कोरोना वायरस के मामले बढ़ने के साथ ही मंगलवार को बंद की अवधि 15 अप्रैल से 27 अप्रैल तक बढ़ा दी गई है।
सफाईकर्मियों को संक्रमण से बचाएगा रोबोट
वैज्ञानिकों ने एक ऐसा अर्द्ध स्वचालित रोबोट विकसित किया है जो बड़े इलाकों को बड़ी तेजी से संक्रमण मुक्त करेगा।
यह रोबोट संक्रमित इलाकों के संपर्क में आकर सफाईकर्मियों के संक्रमित होने के जोखिम को भी कम कर सकेगा।
सिंगापुर की नानयांग टेक्नोलॉजिकल यूनिवर्सिटी के अनुसंधानकर्ताओं की इस रोबोट के सार्वजनिक परीक्षण की योजना है।
इस रोबोट का नाम एक्सट्रीम डिसइंफेक्शन रोबोट (एक्सडीबोट) है और इसे लैपटॉप या टेबलेट की मदद से दूर से ही नियंत्रित किया जा सकता है।
इसे 30 मीटर से 50मीटर की दूरी से भी नियंत्रित किया जा सकता है।
चीन ने वुहान में सबसे बड़ा अस्थायी अस्पताल बंद किया
कोरोना वायरस के मामले थमने के बाद फरवरी में बनाए गए सबसे बड़े अस्थायी अस्पताल को बंद कर दिया गया।
संक्रमण की शुरुआत में वुहान शहर में रोगियों के उपचार के लिए यह अस्पताल बनाया गया था।
वुहान में कोविड-19 के रोगियों के उपचार के लिए दस दिन के भीतर 1000 से अधिक बिस्तरों की क्षमता वाले दो अस्पताल बनाए गए थे। यह अस्पताल उनमें से एक था।
पाकिस्तान में 272 नए मामले, संक्रमितों की संख्या 6000 हुई
पाकिस्तान में कोरोना वायरस के 272 नए मामले सामने आने के बाद संक्रमितों की संख्या 6,000 के करीब पहुंच गई है। स्वास्थ्य मंत्रालय ने बुधवार को यह जानकारी दी। प्रधानमंत्री इमरान खान ने महामारी से निपटने के लिए लगाए गए लॉकडाउन को बढ़ाकर इस महीने के आखिर तक कर दिया।
पिछले 24 घंटों के दौरान 272 नए मामलों के साथ देश में कोरोना वायरस के रोगियों की संख्या 5,988 हो गई। इस बीच 11 मौतें होने के बाद कुल मृतकों की संख्या 107 पहुंच गई है।
राष्ट्रीय स्वास्थ्य सेवा मंत्रालय ने कहा कि पंजाब में 2,945 मामले दर्ज किए गए, जबकि सिंध में 1,518, खैबर-पख्तूनख्वा में 865, बलूचिस्तान में 240, गिलगित-बाल्टिस्तान में 236, इस्लामाबाद में 140 और पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर में 46 मामले दर्ज किए गए। अब तक देश में 1,446 लोग इस बीमारी से ठीक हो चुके हैं और 107 मौतें हो चुकी हैं।
द्वितीय विश्वयुद्ध में सैनिक रहे 99 वर्षीय ब्राजीलियाई ने कोरोना को दी मात
ब्राजील में द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान सैनिक रहे 99 वर्षीय शख्स को कोविड-19 बीमारी से उबरने के बाद मंगलवार को अस्पताल से सैन्य सम्मान के साथ छुट्टी दी गई।
द्वितीय विश्वयुद्ध के दौरान अफ्रीका में ब्राजीलियाई तोपखाना फौज में सेवा देने वाले सेकंड लेफ्टिनेंट एर्मांडो पिवेटा को बिगुल बजाते हुए और तालियों की गड़गड़ाहट के बीच ब्रासीलिया में आर्म्ड फोर्सेज अस्पताल से बाहर लाया गया।
ब्राजील में अभी तक इस संक्रामक रोग से 1,532 लोग जान गंवा चुके हैं।
चीन में 46 नए मामले, 10 स्थानीय संक्रमण के
चीन में कोरोना वायरस के 46 नए मामलों में से 10 स्थानीय संक्रमण से जुड़े हैं।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों ने विदेश से आ रहे नागरिकों को लेकर चिंता जाहिर की और कहा कि आने वाले समय में रूस से लगी पूर्वोत्तर सीमा पर स्थित शहर दूसरा वुहान बन सकता है।
चीन के राष्ट्रीय स्वास्थ्य आयोग (एनएचसी) ने बुधवार को कहा कि इन 46 नए मामलों में अधिकतर विदेश से लौटे चीन के नागरिक हैं। इसके साथ ही हाल ही में सामने आए नए मामलों की संख्या मंगलवार को 1500 हो गई।
स्वास्थ्य विशेषज्ञों का कहना है कि चीन-रूस सीमा पर स्थित सुइफेनेहे शहर नया वुहान बनता जा रहा है क्योंकि यहां रूस से आए अधिकतर लोग कोविड-19 से संक्रमित पाए गए हैं।
अमेरिका के न्यूयॉर्क शहर में मंगलवार को कोरोना वायरस से मरने वाले लोगों की संख्या 10,000 को पार कर गई।
अधिकारियों ने तकरीबन उन 4,000 लोगों के मारे जाने का अनुमान जताया है जो जांच में कभी संक्रमित नहीं पाए गए, लेकिन उनकी कोविड-19 से मौत की आशंका है।
शहर के स्वास्थ्य विभाग ने एलान किया कि 3,778 लोगों की इस बीमारी से मौत होने की आशंका है।
नए आंकड़ों से पता चलता है कि अमेरिका में कोरोना वायरस के केंद्र बने इस शहर में कोरोना संक्रामक रोग से मरने वाले लोगों की संख्या बढ़कर 10,367 हो गई है।
अमेरिका में 24 घंटे में रिकॉर्ड दो हजार से ज्यादा की मौत
जॉन्स हॉपकिंस यूनिवर्सिटी की रिपोर्ट के अनुसार, अमेरिका में पिछले 24 घंटों में 2,228 लोगों की कोरोना वायरस के कारण मौत हो गई। इसी के साथ मृतकों की संख्या 25 हजार से ज्यादा हो गई है।
अमेरिका द्वारा विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) की फंडिंग पर रोक लगाने को लेकर संयुक्त राष्ट्र संघ ने नाराजगी जताई है। संयुक्त राष्ट्र प्रमुख के हवाले से कहा गया है कि यह संसाधनों को कम करने का समय नहीं है।
अमेरिका ने डब्ल्यूएचओ की फंडिंग रोकी
समाचार एजेंसी एएनआई ने न्यूज एजेंसी एएफपी के हवाले से खबर दी है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने विश्व स्वास्थ्य संगठन की फंडिंग रोकने की घोषणा कर दी है।
चीन ने डब्ल्यूएचओ के वित्त पोषण पर अमेरिका की रोक पर गंभीर चिंता जताई।